
सागर। मध्यप्रदेश (Madhya Pradesh) में सागर जिले (Sagar district) के बीना (Bina) से एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां पर एक वार्ड में शिलान्यास पत्थर (Foundation stone) पर अपना नाम न होने से नाराज नगर पालिका के उपाध्यक्ष (Municipal Vice President) ने उसे (शिलान्यास पत्थर को) कुदाल मारकर तोड़ दिया। एक अधिकारी ने गुरुवार को इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि यह मामला बीना के वीर सावरकर वार्ड का है और यह घटना श्री शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर के पास बुधवार को हुई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर साझा किया जा रहा है।
एक अधिकारी ने बताया कि 15.60 लाख रुपए की लागत से बनने वाली सड़क के भूमि पूजन के दौरान जब शिलान्यास पत्थर का अनावरण किया गया, तब स्थानीय नगर निगम के उपाध्यक्ष रमाकांत बिलगैया को पता चला कि उस पर उनका नाम नहीं है। जिससे वे नाराज हो गए और उन्होंने भूमि पूजन के लिए लाई गई कुदाल से ही पत्थर तोड़ दिया।
वायरल वीडियो में भी बिलगैया को कुदाल से शिलान्यास के पत्थर को तोड़ते हुए देखा जा सकता है। बिलगैया ने आरोप लगाया कि मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) रामप्रकाश जगनेरिया जानबूझकर उनकी अनदेखी करते हैं और हर शासकीय कार्यक्रम में उन्हें नजरअंदाज किया जाता है।
बिलगैया ने आरोप लगाते हुए कहा, ‘शिलान्यास पत्थर पर उनका नाम न होना उनके (उपाध्यक्ष के) पद और प्रतिष्ठा का अपमान है।’ बाद में उपाध्यक्ष को आश्वस्त किया गया कि उनकी आपत्तियों को गंभीरता से लिया गया है और भविष्य में इसे दोहराया नहीं जाएगा। मामला शांत होने के बाद पुनः शिलान्यास कार्यक्रम संपन्न हुआ।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved