
शहडोल। लगातार हो रही बारिश ने एक परिवार के लिए ऐसा खौफनाक मंजर खड़ा कर दिया, जिसे वे शायद ही कभी भूल पाएंगे, अचानक कच्चा मकान भरभराकर गिर पड़ा,घर के अंदर मौजूद पति-पत्नी और उनका बेटा मलबे की चपेट में आ गए, जबकि मकान में बंधी छह बकरियां-बकरे भी मलबे में दब गए, मकान गिरने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण दौड़े और बारिश के बीच राहत-बचाव में जुट गए, समय रहते ग्रामीणों की मदद सेपरिवार को मलबे से बाहर निकाल लिया गया।
मामला जैतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत नगपुरा के कादाटोला का है। बताया जा रहा है कि रुक-रुककर हो रही बारिश के बीच रामप्रसाद बैगा का कच्चा मकान अचानक ढह गया,हादसे के वक्त रामप्रसाद, उनकी पत्नी सोमवती और बेटा रोहित घर के अंदर मौजूद थे,देखते ही देखते मकान का मलबा तीनों के ऊपर आ गिरा,अचानक हुए हादसे से गांव में अफरा-तफरी मच गई। आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बिना देर किए मलबा हटाने का काम शुरू किया, बारिश के बीच ग्रामीणों ने मशक्कत कर रामप्रसाद, सोमवती और रोहित को बाहर निकाला, हादसे में तीनों घायल हुए हैं।
हादसे के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस को सूचना दी गई। परिजनों के मुताबिक काफी देर तक एंबुलेंस नहीं पहुंची, इसके बाद सरपंच और सचिव की मदद से निजी वाहन की व्यवस्था की गई और तीनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। मकान में बंधी तीन बकरियां और तीन बकरे भी मलबे में दब गए, इससे परिवार को मकान के साथ पशुधन का भी नुकसान हुआ है।
शहडोल में बारिश का दौर लगातार जारी है। जिले में अब तक 38.07 इंच औसत बारिश दर्ज हो चुकी है, जबकि सामान्य वार्षिक बारिश 47.70 इंच है। ऐसे में कच्चे मकानों में रहने वाले परिवारों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। कादाटोला की यह घटना लगातार बारिश के बीच ग्रामीण इलाकों में जर्जर और कच्चे मकानों की स्थिति पर भी सवाल खड़े करती है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved