
उज्जैन। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के उज्जैन (Ujjain) में सोमवार को कम्प्यूटर बाबा (Computer Baba) उर्फ नामदेव दास त्यागी दूसरे संतों के साथ कलेक्टर बंगले के सामने धरने पर बैठ गए। उन्होंने कहा- हम पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह (Former Chief Minister Digvijaya Singh) की सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा की शुरुआत पर हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा करना चाहते हैं। लेकिन जिला प्रशासन न तो इसकी अनुमति दे रहा है और न ही इस मनाही का कारण बता रहा है। ये सरकार की मनमानी है।
सूचना मिलते ही एसडीएम पवन बारिया मौके पर पहुंचे। साधु-संतों से बात की। फिर उनको कलेक्ट्रेट लेकर पहुंचे। यहां चर्चा के बाद यात्रा पर फूल बरसाने की अनुमति दे दी गई। जिसके बाद करीब दो घंटे चला प्रदर्शन खत्म किया गया।
11 क्विंटल फूलों से होगी पुष्प वर्षा
कम्प्यूटर बाबा ने पुष्प वर्षा की अनुमति देने पर जिला प्रशासन, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, पुलिस और मीडिया का धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि संत समाज प्रशासन के नियमों का पालन करेगा और उसे सहयोग करता रहेगा।
कम्प्यूटर बाबा ने बताया कि पुष्प वर्षा के लिए करीब 11 क्विंटल फूल रखे गए हैं। यह पुष्प वर्षा दोपहर 1 से 2 बजे के बीच होगी। उन्होंने संत समाज से ‘सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा’ में शामिल होने की अपील भी की।
एसडीएम बोले- शर्तों का पालन करना होगा
उज्जैन में एसडीएम पवन बारिया ने बताया कि सत्य सनातन पदयात्रा के लिए 20 अक्टूबर को आवेदन मिला था। पुलिस का अभिमत मिलने के बाद कलेक्टर की ओर से अनुमति जारी कर दी गई है। बालाजी गार्डन, नरसिंह घाट के पास खुले क्षेत्र में पुष्प वर्षा की अनुमति एडीएम ने नियमानुसार जारी की है। आयोजकों को शर्तों का पालन करना होगा।
आज शुरू होगी सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा
दरअसल, दिग्विजय सिंह 20 अक्टूबर से ‘सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा’ शुरू करेंगे। उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर से शुरू होने वाली यह यात्रा 930 किलोमीटर का सफर तय कर अयोध्या पहुंचेगी। खास बात यह भी है कि दिग्विजय सिंह ने 2017 में अपनी नर्मदा परिक्रमा विजयादशमी के दिन शुरू की थी। इस बार भी उन्होंने यात्रा की शुरुआत के लिए विजयादशमी का दिन ही चुना है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved