![]()
मुरैना। मध्यप्रदेश (Madhya Pradesh) के मुरैना जिले (Morena District) के पोरसा क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक नाबालिग लड़की पर अपने प्रेमी के साथ मिलकर माता-पिता को जहर देकर मारने की कोशिश करने का गंभीर आरोप लगा है। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, नाबालिग लड़की ने कथित रूप से अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने माता-पिता के खाने में चूहे मारने की दवा मिला दी। खाना खाने के कुछ समय बाद ही दोनों की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिससे घर में अफरातफरी मच गई। परिजन तुरंत उन्हें पोरसा अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर मुरैना रेफर किया गया और बाद में ग्वालियर भेजा गया।
इस घटना के बाद पीड़ित मां मिथिलेश प्रजापति और पिता गब्बर प्रजापति थाना पोरसा पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस जांच के दौरान एक कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग सामने आई, जिसमें नाबालिग लड़की अपने प्रेमी सुदामा (पुत्र रवि कड़ेरा, निवासी घनेटा) से चूहे मारने की दवा मांगने और उसे खाने में मिलाने की बात करती सुनाई दे रही है। ऑडियो सामने आने के बाद मामला और गंभीर हो गया।
थाना प्रभारी दिनेश सिंह कुशवाहा ने बताया कि जहर देने की घटना के बाद से पुलिस लगातार जांच कर रही थी। पीड़ित माता-पिता के औपचारिक बयान में देरी के कारण कार्रवाई लंबित थी, लेकिन अब जांच पूरी होने के बाद नाबालिग लड़की और उसके प्रेमी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है और अब आगे की पुलिस कार्रवाई पर सभी की नजर बनी हुई है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved