भोपाल। मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग-2022 (MPPSC) के परिणाम घोषित हो गए हैं. इसमें कुल 394 लोग पास हुए हैं. परिणाम में नंबर 1 पर देवास की बेटी दीपिका पाटीदार (902.75 अंक) आई है. इनके अलावा, भोपाल (Bhopal) के आशीष सिंह चौहान (Aashish Singh Chauhan) ने 841 अंक हासिल कर शिक्षा विभाग में असिस्टेंट डायरेक्टर (Assistant Director) का पद हासिल किया है. आशीष की कहानी किसी के लिए भी बहुत प्रेरणादायक हो सकती है. आशीष के पिता सब्जी बेचने का काम करते हैं, बड़े भाई का कपड़े का दुकान है और मां गृहणी है. फिर भी आशीष ने हार नहीं मानी कभी…
मेरी आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी-आशीष
एमपीपीएससी में चयनित हुए आशीष ने बताया कि वे इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, परिवार वालों के साथ गुरुओं को देना चाहते हैं. उन्होंने कहा, ‘मेरी आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी. मैंने बैरागढ़ के सरकारी स्कूल से पढ़ाई की है. इसके बाद मैंने हमीदिया कॉलेज से बीए और एमए किया है. मेरे पिता अजब सिंह सब्जी का ठेला लगाते हैं. कभी-कभी फेरी का भी काम करते हैं. परिवार में बड़े भैया साड़ी की दुकान पर बैठते हैं. मेरी मां संगीता चौहान एक गृहणी हैं.’
इनका भी हुआ है एमपीपीएससी इस पोस्ट पर हुआ चयन
एमपीपीएससी 2022 के परिणाम को लेकर पूरे प्रदेश में चर्चा हो रही है. इसमें आशीष और दीपिका के अलावा, नर्मदापुरम के आदित्य नारायण ने परीक्षा में दूसरी रैंक हासिल किया है. आदिवासी बाहुल्य आलीराजपुर जिले की श्रुति भयड़िया (25) का डिप्टी कलेक्टर पद पर चयन हुआ. उनकी 24 पदों में 21वीं रैंक है. हरदा जिले के सोडलपुर गांव के रहने वाले राम सोलंकी का एमपीपीएससी 2022 में जिला कोषालय अधिकारी या डीईओ के रूप में चयन हुआ है.
टीकमगढ़ की नैनसी जैन का मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग परीक्षा में डीएसपी के पद पर चयन हुआ है. सतना जिले के दिव्यांश पिता कमलेश शुक्ला का वाणिज्य कर निरीक्षक के पद पर चयन हुआ है. उन्होंने पहले ही प्रयास में सफलता पाई. शहडोल जिले के ब्यौहारी विधानसभा के गांव झरौसी के रहने वाले विवेक कुमार का शिक्षा विभाग मे असिस्टेंट डायरेक्टर पद पर सिलेक्शन हुआ है. हरदा की बेटी तृप्ति सिटोले का चयन 2022 की पीएससी की परीक्षा में आबकारी अधिकारी के रूप में चयन हुआ है. उन्हें 808 मार्क्स मिले. वर्तमान में वह पांढुर्णा जिले में विकास खंड अधिकारी के रूप में कार्यरत हैं. गंजबासौदा की शिवानी राय अतिरिक्त सहायक विकास आयुक्त पद पर चयनित हुई हैं.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved