
मुंबई। महाराष्ट्र में मुंबई के अटल बिहारी वाजपेयी ट्रांस हार्बर लिंक ब्रिज (अटल सेतु पुल) पर एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। दरअसल, एक महिला अटल सेतु पुल से छलांग लगाने जा रही थी, तभी एक कैब चालक ने उसे बचा लिया। पुलिस के अनुसार, यह घटना शाम के सात बजे की है। मुलुंद की रहने वाली महिला ने धार्मिक तस्वीरें समुद्र में विसर्जित करने के बहाने से 31 वर्षीय कैब चालक संजय यादव को अटल सेतु पुल के पास गाड़ी रोकने को कहा। पुलिस ने बताया कि उन्हें पुल के पास कैब रुकने और महिला के रेलिंग पार करने की सूचना मिली।
न्हावा शेवा ट्रैफिक ब्रांच पेट्रोलिंग वन को फोन में बताया गया कि शेलघर टोल नाका की ओर जाने वाली सड़क पर अटल सेतु पुल पर एक वाहन रुका है और एक महिला पुल की रेलिंग पार करके कुछ कर रही है। महिला ने पुलिस को देखकर समुद्र में कूदने की कोशिश की, लेकिन चालक ने उसके बाल पकड़कर उसे बचा लिया। इसके बाद चार कॉन्स्टेबल रेलिंग पार कर महिला को बचाने पहुंचे। इस घटना के बाद महिला को नवी मुंबई के पुलिस स्टेशन में ले जाया गया। इस घटना के बारे में महिला के परिवार वालों को भी जानकारी दी गई। शेवा पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ अधीक्षक अंजुम बागवान ने कहा कि महिला के परिवारवालों ने बताया कि वह मानसिक रूप से बीमार है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved