मुंबई। मुंबई (Mumbai) से आए करीब 15 युवकों ने लोनावला (Lonavala) के एक रिसॉर्ट में मटन डिश नहीं मिलने पर स्टाफ के साथ जमकर मारपीट कर दी। हमले में एक कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। घटना 26 मार्च की दोपहर वकसाई स्थित जेस्टिन हिल रिसॉर्ट (Jestin Hill Resort) में हुई।
जानकारी के मुताबिक, मुंबई से आए युवक रिसॉर्ट में ठहरे हुए थे। लंच के दौरान उन्होंने मटन डिश की मांग की, लेकिन स्टाफ ने बताया कि मटन खत्म हो चुका है। इस बात पर वे भड़क गए और रिसॉर्ट मालिक समेत कर्मचारियों पर लात-घूंसे बरसाने लगे।
सबसे पहले रिसॉर्ट की मालिक मोहन भोईर को निशाना बनाया गया। आरोप है कि युवकों ने उन्हें पीटा और प्लास्टिक की कुर्सी से सिर पर वार किया। इसके बाद कुक महेश, हेल्पर संदीप और नितिन के साथ भी मारपीट की गई। स्टाफ सदस्य सौरभ दत्तात्रेय गोरे को जमीन पर गिराकर बेरहमी से पीटा गया। उनके पेल्विस और पेट पर गंभीर चोट लगने से ब्लैडर फट गया, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
घटना के बाद लोनावला रूरल पुलिस स्टेशन में रिसॉर्ट मालिक की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने हत्या के प्रयास समेत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज की है।
पुलिस के अनुसार पांच आरोपियों की पहचान हो चुकी है, जिनमें मुलुंड के वैभव वैती, ठाणे के स्मित वेनी, राज नायक, मुलुंड ईस्ट के भावेश वैगणकर और ललित वैती शामिल हैं। अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, लेकिन पुलिस ने कहा है कि सभी आरोपियों को जल्द पकड़कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद पर्यटन स्थल लोनावला में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं, जबकि गंभीर रूप से घायल कर्मचारी का इलाज जारी है और डॉक्टर लगातार निगरानी कर रहे हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved