
आगर मालवा। आगर मालवा जिले के नलखेड़ा स्थित मां बगलामुखी मंदिर में चप्पल चोरी का एक अनोखा मामला सामने आया है। इस बार चोरी किसी आम श्रद्धालु की नहीं, बल्कि एक नायब तहसीलदार की चप्पल की हुई। घटना के बाद मामला थाने तक पहुंचा और लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की गई है।
जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर करीब 3:15 बजे नायब तहसीलदार वरुण चंद्रवंशी दर्शन के लिए मंदिर पहुंचे थे। दर्शन से पूर्व उन्होंने अपनी चप्पल रसीद काउंटर के पास निर्धारित स्थान पर उतारी थी। करीब 10 मिनट बाद लौटने पर उनकी चप्पल वहां नहीं मिली।
इसके बाद मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें एक व्यक्ति चप्पल ले जाते हुए दिखाई दिया। बताया जा रहा है कि संदिग्ध की पहचान कर ली गई है और पूछताछ में उसने चप्पल ले जाने की बात स्वीकार भी की है।
नायब तहसीलदार ने इस संबंध में पुलिस अधीक्षक और नलखेड़ा थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर वैधानिक कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि मंदिर परिसर में आए दिन चप्पल और अन्य सामान चोरी की घटनाएं होती रहती हैं, इसलिए सभी श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्होंने आवेदन दिया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved