मुंबई। तेलुगु सुपरस्टार और ‘पुष्पा 2’ फेम अल्लू अर्जुन (Allu Arjun) को हैदराबाद के भगदड़ मामले में गिरफ्तार कर लिया गया था। उनके जेल भेजे जाने पर फिल्म इंडस्ट्री के कई सितारों ने नाराजगी जताई थी और इसे गलत बताया था। हालांकि, बॉलीवुड के सीनियर एक्टर नाना पाटेकर (Nana Patekar) का इस पूरे मामले पर अलग रुख है।
नाना पाटेकर हाल ही में अपनी आगामी फिल्म ‘वनवास’ के प्रमोशन के लिए बनारस गए थे जहां उनसे अल्लू अर्जुन की गिरफ्तारी को लेकर सवाल किया गया। इसके जवाब में उन्होंने जो कहा, वो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
अल्लू अर्जुन की गिरफ्तारी पर बोले नाना पाटेकर
नाना पाटेकर ने पुष्पाराज उर्फ अल्लू अर्जुन के गिरफ्तार किए जाने पर कहा कि अगर उनकी गलती है तो गिरफ्तारी एकदम सही है। उनके मुताबिक, ‘अगर गलती है तो गिरफ्तारी होनी ही चाहिए। मेरी वजह से घटना अगर होती है तो गिरफ्तारी होनी चाहिए, वर्ना गिरफ्तारी नहीं होनी चाहिए। किसी चीज के लिए अगर मैं जिम्मेदार हूं तो मेरी गिरफ्तारी होनी चाहिए, नहीं तो नहीं होनी चाहिए’।
इसी हादसे में दिलसुखनगर की रहने वाली रेवती (39) नाम की एक महिला की जान चली गई। जबकि उसका बेटा घायल हो गया था। इसी मामले में अल्लू अर्जुन के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई थी और उन्हें शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्हें कोर्ट के आदेश पर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था। हालांकि, आज सुबह एक्टर रिहा हो चुके हैं।

©2026 Agnibaan , All Rights Reserved