भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

किसानों के कल्याण में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी

  • मुख्यमंत्री ने कहा 22 माह में एक लाख 76 हजार करोड़ रुपए किसानों के खातों में डाले

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि हमने 22 माह में एक लाख 76 हजार करोड़ रुपए किसानों के खाते में डालने का चमत्कार किया है। यह किसानों की सरकार है, किसानों के कल्याण में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। प्रदेश में सिंचाई की योजनाओं का जाल बिछा कर प्रदेश के हर सूखे खेत में फसल लहलहाने के लिए राज्य सरकार निरंतर कार्यरत है। मुख्यमंत्री ने किसानों के खाते में खरीफ 2020 और रबी 2020-21 की 49 लाख दावों में 7618 करोड़ रुपए की राशि का सिंगल क्लिक से अंतरित की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में देश में सबसे बड़ी 7618 करोड़ रूपये की सहायता राशि का वितरण आज सिंगल क्लिक से किया गया है। इससे पूर्व भी फसलें खराब होने पर 2876 करोड़ रुपए किसानों के खाते में डाले गए थे। किसानों को राज्य सरकार द्वारा अब तक 10 हजार 494 करोड़ रुपए की सहायता राशि जारी की गई है। चौहान ने कहा कि पूर्व की सरकार ने बीमा कंपनियों को प्रीमियम की राशि नहीं दी थी। परिणामस्वरूप किसानों को बीमा की राशि नहीं मिल पाई। पूर्व की सरकारों ने फसल खराब होने पर सर्वे तक नहीं कराया, जबकि वर्तमान में राज्य सरकार ने केवल बैतूल जिले में ही एक लाख 28 हजार 474 किसानों को 306 करोड़ 78 लाख रुपए से अधिक राशि प्रधानमंत्री बीमा योजना में उपलब्ध कराई है।


जीरो प्रतिशत ब्याज पर कर्ज
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने किसानों को जीरो प्रतिशत ब्याज पर ऋण देने के लिए बैंकों को 29 हजार 834 करोड़ रुपए उपलब्ध कराए हैं। बिजली कनेक्शन पर प्रति मोटर 51 हजार रुपए का अनुदान राज्य सरकार द्वारा दिया जाता है। राज्य सरकार ने 47 हजार किसानों की ओर से बिजली कंपनियों को 30 हजार करोड़ रुपए उपलब्ध कराए हैं।

सिंचाई पर खर्च होंगे 66 हजार करोड़
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में आगामी वर्षों में सिंचाई की व्यवस्था पर 66 हजार करोड़ रुपए खर्च करेंगी। एक-एक बूंद पानी का सही उपयोग सुनिश्चित करने के लिए नहरों की बजाए पाइप लाइन से पानी की आपूर्ति खेतों में की जाएगी, जिससे किसान स्प्रिंकलर और ड्रीप का उपयोग कर अपनी फसल लहलहा सकेंगे। मुख्यमंत्री ने केन-बेतवा लिंक परियोजना के लिए प्रधानमंत्री का आभार माना। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से बुंदेलखंड की तस्वीर और तकदीर बदल जाएगी। चौहान ने कहा कि वर्ष 2024 तक नर्मदा जी के जल का शत-प्रतिशत उपयोग हमें सुनिश्चित करना है। इसके लिए प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों के लिए सिंचाई परियोजनाएँ बनाई जा रही हैं।

खेती में नवाचार की जरूरत
चौहान ने कहा कि कृषि के क्षेत्र में नवाचार अपनाने की आवश्यकता है। चौहान ने प्रदेश में प्राकृतिक खेती, ड्रोन के उपयोग को अपनाने के लिए किसानों को प्रेरित करते हुए कहा कि युवा वर्ग कस्टम हायरिंग सेंटर, कोल्ड स्टोरेज, गोडाउन आदि बनाने की ओर अग्रसर हों, राज्य सरकार द्वारा हर संभव सहायता की जाएगी। कृषि इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए भारत सरकार की योजनाओं का लाभ उठाने की भी पहल युवाओं को करनी चाहिए। राज्य सरकार इस दिशा में भी पूरा सहयोग करेगी।

Share:

Next Post

राज्यपाल ने बुनकरों से जाना साड़ी बनाने का हुनर

Sun Feb 13 , 2022
महेश्वर के मंदिरों का किया अवलोकन भोपाल। राज्यपाल मंगु भाई पटेल ने महेश्वर प्रवास के दौरान, ऐतिहासिक स्मारकों अहिल्याबाई होलकर की राजगद्दी, राजराजेश्वर मंदिर और मंडलेश्वर स्थित गुप्तेश्वर मंदिरों के दर्शन किये। रेवा सोसाइटी में साड़ी निर्माण कार्य का अवलोकन और बुनकरों के साथ चर्चा की। साड़ी निर्माण कार्य का अवलोकन किया। इस दौरान बुनकरों […]