
इंदौर। कांग्रेस भी अब आम लोगों के बीच जाकर बताएगी कि उनका वोट चोरी कैसे हुआ? इसको लेकर कांग्रेस ने पूरे देश में नीचे तक आंदोलन चलानेे की तैयारी की है, जिसके लिए एआईसीसी ने पर्यवेक्षकों की नियुक्ति भी की है। प्रदेश के पर्यवेक्षक और महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री आरिफ खान कल इंदौर आ रहे हंै। वे कल से लगातार 29 तारीख तक संभाग के दौरे पर रहेंगे और इस संबंध में पदाधिकारियों के साथ बैठक भी करेंगे।
ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी लगातार दो माह का वोट बचाओ देश बचाओ अभियान के दो चरण निपटने के बाद तीसरे चरण का आगाज किया जा रहा है। उसी के तहत अब पर्यवेक्षकों को प्रदेश में भेजा जा रहा है। आरिफ खान कल दिल्ली से इंदौर आ रहे हैं। वे यहां आकर सबसे पहले प्रेस कान्फ्रेंस को संबोधित करेंगे और उसके बाद संभाग के दूसरे जिलों में रवाना हो जाएंगे। वे संभाग में 5 दिनी दौरे पर रहने वाले हैं। एआईसीसी से जो निर्देश मिले हैं, उसके अनुसार जिलास्तर पर चौपाल लगाई जाना है, जिसके लिए पर्यवेक्षक बनाए जाएंगे और 27 अक्टूबर तक पूरा कार्यक्रम बनाकर एआईसीसी को भेजना होगा।
इसके बाद सभी ब्लाक अध्यक्षों एवं वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की जाना है। फिर ब्लाक स्तर पर बैठकें होंगी, जिसमें बीएलए को भी मौजूद रहना होगा। बीएलए और स्थानीय कार्यकर्ता वोट रक्षक बनकर प्रत्येक बूथ पर सत्यापन अभियान चलाएंगे, ताकि उन नागरिकों का पता लगाया जा सके, जिनके नाम मनमाने ढंग से हटा दिए गए हैं या जिनमें हेरफेर किया गया है। यह रिकार्ड अपने ब्लाक पार्टी कार्यालयों में जमा करना होगा। गांवों में चौपाल लगाई जाएगी और उसके माध्यम से लोगों से बात की जाएगी। ग्रामीणों को यह समझाया जाएगा कि वोट चोरी कैसे हुई है। इसमें एआईसीसी और पीसीसी से भेजे नेता भाग लेंगे। एक नवम्बर को राष्ट्रीय मेगा रेली दिल्ली में आयोजित की जाएगी। उसके बाद 25 एवं 26 नवम्बर को यात्राएं निकलकर दिल्ली पहुंचेगी। इन सबकी निगरानी एआईसीसी कनेक्ट सेंटर और केंद्रीय नियंत्रण कक्ष द्वारा की जाएगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved