
भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है. अवधपुरी थाना क्षेत्र की सुभाष विला कॉलोनी में एम्स भोपाल में पदस्थ 34 वर्षीय नर्सिंग ऑफिसर दिव्या ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है.
इस घटना का सबसे भावुक कर देने वाला पहलू तब सामने आया, जब दिव्या के दोनों बच्चे स्कूल से घर लौटे. पुलिस और फॉरेंसिक टीम उस समय कमरे में जांच कर रही थी. घटना से अनजान 8 साल का बेटा और 3 साल की बेटी घर पहुंचते ही अपनी मां को तलाशने लगे. मासूम बच्चे बार-बार पुलिसकर्मियों से कह रहे थे, “पुलिस अंकल, हमें मम्मा के पास जाना है, अंदर जाने दो.” बच्चों की मासूम पुकार सुनकर मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी और पड़ोसी भी भावुक हो गए. मां को खो चुके इन दोनों बच्चों के भविष्य को लेकर अब परिवार और रिश्तेदारों के सामने बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है.
पुलिस के मुताबिक, दिव्या मूल रूप से तमिलनाडु की रहने वाली थीं. उनके जीवन में पहले ही बड़ा दुख आ चुका था. करीब दो महीने पहले ही उनके पति सुरेश की तमिलनाडु में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी. पति के अचानक चले जाने से दिव्या मानसिक रूप से काफी परेशान थीं. पति की मौत के बाद वह बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए भोपाल आ गई थीं. यहां उन्होंने एम्स भोपाल में नर्सिंग ऑफिसर के पद पर अपनी नौकरी जारी रखी. बच्चों की देखभाल के लिए उन्होंने घर पर केयरटेकर भी रखा था और दोनों बच्चों का दाखिला पास के अच्छे स्कूल में कराया था.
घटना वाले दिन सोमवार सुबह दिव्या ने रोज की तरह बच्चों को तैयार किया और उन्हें स्कूल भेजा. इसके बाद वह अपने कमरे में चली गईं और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया. कुछ देर बाद जब केयरटेकर ने नाश्ता तैयार किया तो उसने दिव्या को आवाज लगाई. काफी देर तक जवाब नहीं मिलने पर उसे अनहोनी की आशंका हुई. उसने पड़ोसियों को बुलाया और पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची अवधपुरी थाना पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो अंदर दिव्या फंदे से लटकी मिलीं. पुलिस ने तत्काल शव को नीचे उतारा और पंचनामा कार्रवाई पूरी कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
घटना की जानकारी मिलने के बाद फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और जरूरी साक्ष्य जुटाए. पुलिस ने तमिलनाडु में रह रहे दिव्या के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि पति की मौत के बाद दिव्या तनाव और अवसाद से गुजर रही थीं. हालांकि, मौके से कोई सुसाइड नोट मिला है या नहीं, इसकी जांच की जा रही है. फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के बाद ही चल पाएगा.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved