
इन्दौर। इंदौर की वृंदावन कॉलोनी से कुम्हारखाड़ी तक 40 फीट चौड़ी सडक़ बनाने के लिए कल दोपहर में निगम की रिमूवल टीम ने कई मकानों की बाउंड्रीवाल और कब्जे हटाए। इस दौरान कुछ लोगों का निगम की टीमों से विवाद भी हुआ। उनका कहना था कि वर्षों पहले उन्होंने हरियाली के लिए जगह ली थी और निगम ने हरियाली उजाड़ दी।
वृंदावन कॉलोनी क्षेत्र में यातायात की दिक्कत के कारण आए दिन वहां जाम लगता है और चौराहे से कुम्हारखाड़ी तक जाने वाली सडक़ तक दोनों और कब्जे होने के कारण वाहन चालकों को कई दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि कुछ जमीन शासकीय रिकार्ड में दर्ज है और वहां लोगों ने निजी कब्जा कर लिया था, जबकि रहवासियों का कहना है कि उन्हें वर्षों पहले यह जमीन हरियाली के लिए मिली थी और उन्होंने घरों के बाहर पेड़-पौधे भी लगाए थे, जिन्हें कल कार्रवाई के दौरान हटा दिया गया। कार्रवाई को लेकर काफी देर तक हंगामा और विवाद चलता रहा। निगम की टीम बड़ी संख्या में पुलिस बल लेकर क्षेत्र में पहुंची थी, क्योंकि नोटिस देने के बाद से ही वहां कार्रवाई को लेकर विरोध शुरू हो गया था। करीब 50 से ज्यादा मकानों के हुए कब्जों को हटाया गया और कई बाउंड्रीवाल तोड़ी गई।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved