रूस (Russia)। रूस के कब्जे वाले क्रीमिया ब्रिज (Crimea Bridge) पर यूक्रेन ने एक बार फिर हमला किया है। जानकारी के मुताबिक, सोमवार तड़के हुए हमले में दो लोगों की मौत हो गई है। दक्षिणी रूस के क्रास्नोडार क्षेत्र के स्वास्थ्य मंत्रालय ने इस बात की पुष्टि की है कि हमले में एक परिवार के तीन लोग (माता-पिता और बच्ची) शिकार हुए हैं। माता-पिता की मौत हो गई, जबकि लड़की घायल है।
बच्ची का हो रहा इलाज
बेलगोरोड क्षेत्र के गवर्नर व्याचेस्लाव ग्लैडकोव ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में एक क्षतिग्रस्त कार देखी जा सकती है। जानकारी मिली है कि एक लड़की घायल हो गई है। दुख की बात यह है कि उसके माता-पिता नहीं रहे। उसके रिश्तेदारों से तत्काल संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं। फिलहाल, लड़की का इलाज किया जा रहा है। हल्की चोटें आई हैं।
साल 2014 में किया था कब्जा
गौरतलब है, रूस ने क्रीमिया पर 2014 में कब्जा किया था। इस क्षेत्र को अंतरराष्ट्रीय समर्थन हासिल नहीं है। सड़क और रेल ब्रिज 19 किलोमीटर लंबा है। अक्टूबर 2022 के हमले में ब्रिज को भारी नुकसान हुआ था। राष्ट्रपति पुतिन ने यूक्रेन पर आरोप लगाए थे। हालांकि, यूक्रेन ने पहले इससे इनकार किया, लेकिन बाद में स्वीकार किया था।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved