
डेस्क। महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर बड़ा हमला बोला है। नागपुर में मीडिया के साथ बातचीत करते हुए बावनकुले ने कहा, बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ही बताए कि कौरव कौन हैं और पांडव कौन हैं। हमारे 5 पांडव चुनाव जीतने के लिए काफी हैं, कौरवों की फौज उनके पास हैं।
चंद्रशेखर बावनकुले ने आगे कहा, ”कौरवों की राजनीति ममता बनर्जी करती हैं, हम नहीं करते हैं। हमारे प्रधानमंत्री मोदी जी जो सच्चाई की, ईमानदारी की, पारदर्शी बात करके चुनाव लड़ना चाहते हैं। ममता बनर्जी कौरव जैसे बूथ कैप्चर करके चुनाव जीतना चाहती हैं। बंगाल चुनाव में दिखेगा की जनता किसके साथ है।” उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र बीजेपी के विधायक, सांसद, मंत्री और बीजेपी के पदाधिकारी केरल व बंगाल में चुनाव प्रचार के लिए भी जाएंगे।
बता दें कि ममता बनर्जी ने गुरुवार को बर्द्धमान के पांडवेश्वर और बीरभूम जिले में अपने संबोधन के दौरान भाजपा और चुनाव आयोग पर जमकर शब्दबाण चलाए थे। उन्होंने टीएमसी को पांडव और भाजपा को कौरव बताया था। मुख्यमंत्री ने कहा था कि यह चुनाव कौरवों के साथ पांडवों की लड़ाई है। इसी पर आज चंद्रशेखर बावनकुले ने पलटवार किया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved