
चंडीगढ़। हरियाणा (Haryana) के मुख्यमंत्री मनोहर लाल (Chief Minister Manohar Lal) ने टोक्यो में चल रहे पैरालम्पिक खेलों (Paralympic Games) में भाला फेंक में विश्व रिकॉर्ड बनाते हुए स्वर्ण पदक जीतने पर सुमित अंतिल और डिस्कस थ्रो एफ-56 में रजत पदक जीतने पर योगेश कथुनिया को क्रमश: छह करोड़ और चार करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि देने की घोषणा की है। दोनों को हरियाणा सरकार सरकारी नौकरी भी देगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुमित अंतिल ने टोक्यो पैरालम्पिक में भाला फेंक खेल में वर्ल्ड रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीतकर हरियाणा वासियों के साथ-साथ पूरे हिंदुस्तान का दिल जीत लिया है। मुख्यमंत्री ने सुमित के जज्बे को सलाम करते हुए उनके इस ऐतिहासिक प्रदर्शन पर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डिस्कस थ्रो एफ-56 में रजत पदक जीतने वाले बहादुरगढ़ निवासी योगेश कथुनिया ने हरियाणा ही नहीं देश का भी मान बढ़ाया है। मुख्यमंत्री ने योगेश के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें बधाई दी है। (एजेंसी, हि.स.)
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved