
उज्जैन। संगठन ने जयभान सिंह पवैया को उज्जैन में विधानसभा चुनाव के दावेदारों की नब्ज टटोलने के लिए भेजा है और वह देखेंगे किन विधायकों का अभी तक का कार्य ठीक रहा है। संभाग के 5 जिले उनको दिए गए हैं। 6 माह बाद प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इन चुनावों में संगठन की हकीकत और धरातल जानने के लिए केंद्रीय संगठन ने आगर, शाजापुर, देवास, उज्जैन नगर और ग्रामीण में संगठन में क्या चल रहा है और चुनाव की क्या तैयारी है, कौन रूठा है इन सब बातों की जिम्मेदारी पूर्व कैबिनेट मंत्री जयभान सिंह पवैया को सौंपी है। वह आज सुबह उज्जैन पहुँचे।
सुबह 10 बजे वे लोक शक्ति कार्यालय पर पहुँचे और नगर के चुनिंदा 37 वरिष्ठों से वन-टू-वन मुलाकात की। इन सभी से भाजपा में वर्तमान में क्या चल रहा है और चुनाव को लेकर क्या समीकरण है इन सब बातों पर चर्चा की। अब वह अपनी रिपोर्ट केंद्रीय आलाकमान को सौंपेंगे, वहीं दोपहर में ग्रामीण जिले के कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात करेंगे। आज का पूरा दिन जयभान सिंह पवैया उज्जैन में ही रहेंगे। सुबह उनके आगमन पर भाजपा नगर अध्यक्ष विवेक जोशी ने उनकी अगवानी की। इस अवसर पर भाजपा नेता मुकेश यादव, एमआईसी सदस्य शिवेंद्र तिवारी, महामंत्री विशाल राजोरिया, अनिल जैन कालूखेड़ा, जगदीश पांचाल, झोन अध्यक्ष विजय कुशवाहा आदि उपस्थित थे।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved