
नई दिल्ली. रूस और यूक्रेन (Ukraine-Russia) के बीच करीब साढ़े चार साल से जारी जंग (War) को खत्म करने की कोशिशें अब एक बार फिर तेज होती दिख रही हैं. यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की (Volodymyr Zelenskyy) ने गुरुवार को बताया कि रूस के साथ संभावित शांति समझौते (Peace agreements) का रास्ता निकालने की कोशिश कर रहे अमेरिकी वार्ताकार आने वाले दिनों में यूक्रेन और रूस का दौरा कर सकते हैं.
जेलेंस्की ने अपने एक वीडियो संबोधन में कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति के प्रतिनिधियों के यूक्रेन आने की शुरुआती तारीखें तय हैं. उन्होंने बताया कि अमेरिकी प्रतिनिधियों की मॉस्को और कीव दोनों जगह बैठक होनी है. जेलेंस्की ने कहा कि आने वाले दिनों में होने वाली इन बैठकों का काफी महत्व है.
पीएम मोदी ने राष्ट्रपति पुतिन से जंग खत्म करने की अपील की
अमेरिकी वार्ताकारों की यह सक्रियता ऐसे वक्त सामने आई है, जब भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से यूक्रेन जंग को लेकर सीधी बातचीत की थी. किर्गिस्तान के बिश्केक में शंघाई सहयोग संगठन यानी एससीओ समिट के दौरान दोनों नेताओं की द्विपक्षीय मुलाकात हुई.
इस दौरान पीएम मोदी ने जंग के मानवीय असर का जिक्र करते हुए कहा कि हमेशा जारी रहने वाली जंग मानवता को पीछे ले जाती है. उन्होंने दुनिया से ‘कभी न खत्म होने वाली जंग’ से निकलकर युद्ध को खत्म करने की दिशा में आगे बढ़ने की अपील की. पीएम मोदी ने यह भी कहा कि किसी समस्या का समाधान युद्ध के मैदान में नहीं निकाला जा सकता. भारत ने कूटनीतिक और शांतिपूर्ण समाधान के प्रयासों में अपना समर्थन जारी रखने की बात भी कही.
पीएम मोदी की अपील के बाद पुतिन जंग खत्म करने को तैयार
पीएम मोदी की अपील के बाद पुतिन ने भी सार्वजनिक तौर पर शांति को लेकर अपनी स्थिति रखी. पुतिन ने कहा कि रूस जंग को खत्म करने और अस्थायी युद्धविराम के बजाय स्थायी शांति बनाने के लिए तैयार है. उन्होंने यह भी कहा कि मॉस्को उन सभी पक्षों के साथ बातचीत के लिए तैयार है, जो शांति प्रक्रिया में शामिल होना चाहते हैं. हालांकि, रूस की तरफ से यह भी स्पष्ट किया गया है कि किसी भी समाधान में उसके मूल रणनीतिक हितों को ध्यान में रखना होगा.
अब जेलेंस्की की तरफ से अमेरिकी वार्ताकारों के कीव और मॉस्को दौरे की जानकारी सामने आने के बाद शांति की कोशिशों को लेकर नई हलचल शुरू हो गई है. आने वाले दिनों में होने वाली इन बैठकों से रूस-यूक्रेन जंग के समाधान की दिशा में आगे की तस्वीर साफ हो सकती है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved