
मुंबई। गेटवे ऑफ इंडिया (Gateway of India) के पास गुरुवार रात समुद्र (Sea) में उस समय अफरातफरी मच गई, जब समुद्री सैर पर निकली फेरी ‘अनवारी’ का इंजन अचानक खराब हो गया। फेरी में 34 यात्री और चार चालक दल के सदस्य सवार थे। करीब 1.5 नॉटिकल मील समुद्र में फंसे यात्रियों (Passengers) को पुलिस और स्थानीय नाव संचालक की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया।
पुलिस अधिकारी के मुताबिक घटना रात करीब 8:30 बजे की है। ‘अनवारी’ करीब आधे घंटे की समुद्री सैर कराने के बाद गेटवे ऑफ इंडिया लौट रही थी। इसी दौरान समुद्र तट से लगभग 1.5 नॉटिकल मील दूर उसका इंजन बंद हो गया। इंजन खराब होने के बाद फेरी आगे नहीं बढ़ सकी और यात्रियों में घबराहट फैल गई।
पुलिस कंट्रोल रूम को मिली सूचना
घटना की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को मिलने के बाद कांस्टेबल अभिजीत शिंदे समेत अन्य पुलिसकर्मियों ने आसपास मौजूद नावों के बारे में जानकारी जुटानी शुरू की। इसी दौरान पता चला कि समुद्र में एक अन्य पर्यटक नाव ‘आजाद हिंद’ भी फंसी हुई फेरी के नजदीक मौजूद है।
पुलिस ने ‘आजाद हिंद’ के मालिक जुनैद मुल्ला से संपर्क कर तत्काल मदद मांगी। इसके बाद ‘आजाद हिंद’ खराब हुई ‘अनवारी’ के पास पहुंची और उसे खींचकर गेटवे ऑफ इंडिया की ओर ले गई।
रात 9:30 बजे जेट्टी पर पहुंची फेरी
‘आजाद हिंद’ ने ‘अनवारी’ को टो करके करीब रात 9:30 बजे गेटवे ऑफ इंडिया की जेट्टी नंबर-2 तक सुरक्षित पहुंचा दिया। इसके बाद फेरी में सवार सभी 34 यात्रियों और चार चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित तट पर उतार लिया गया।
रेस्क्यू के दौरान किसी भी यात्री या चालक दल के सदस्य को चोट नहीं आई। समुद्र में करीब एक घंटे तक फंसे रहने के बाद सभी के सुरक्षित बाहर आने पर यात्रियों ने राहत की सांस ली।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved