
नई दिल्ली: बांग्लादेश के आम चुनाव (Bangladesh general elections) में प्रचंड जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) ने बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के अध्यक्ष तारिक रहमान (Tariq Rehman) से बातचीत कर उन्हें बधाई दी. प्रधानमंत्री ने इस जीत को बांग्लादेश की जनता की आकांक्षाओं और लोकतांत्रिक विश्वास का प्रतीक बताया. प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा किए गए पोस्ट में बताया कि उन्होंने तारिक रहमान से बातचीत कर उन्हें चुनाव में मिली ऐतिहासिक सफलता पर शुभकामनाएं दीं. पीएम मोदी ने लिखा कि वह बांग्लादेश की जनता की उम्मीदों को पूरा करने के उनके प्रयासों के लिए शुभकामनाएं देते हैं.
पीएम मोदी ने अपने संदेश में भारत और बांग्लादेश के बीच ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंधों का भी जिक्र किया. उन्होंने एक्स पोस्ट में लिखा, “मिस्टर तारिक रहमान से बात करके बहुत खुशी हुई. मैंने उन्हें बांग्लादेश चुनाव में शानदार जीत के लिए बधाई दी. मैंने बांग्लादेश के लोगों की उम्मीदों को पूरा करने की उनकी कोशिश के लिए अपनी शुभकामनाएं और सपोर्ट दिया.”
उन्होंने आगे कहा, “दो करीबी पड़ोसियों के तौर पर, जिनके ऐतिहासिक और सांस्कृतिक रिश्ते बहुत गहरे हैं, मैंने दोनों देशों के लोगों की शांति, तरक्की और खुशहाली के लिए भारत के लगातार कमिटमेंट को फिर से पक्का किया.” इससे पहले पीएम मोदी ने एक्स पोस्ट के जरिए शानदार जीत के लिए रहमान को बधाई दी थी.
गौरतलब है कि बांग्लादेश में हुए 13वें संसदीय चुनाव में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी ने भारी बहुमत हासिल किया है. पार्टी के नेतृत्व वाले गठबंधन ने 300 सदस्यीय संसद में दो-तिहाई बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है. यह चुनाव बांग्लादेश की राजनीति में बड़ा बदलाव माना जा रहा है. यह चुनाव पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के सत्ता से हटने के बाद पहला बड़ा आम चुनाव था.
लंबे राजनीतिक अंतराल के बाद बीएनपी की सत्ता में वापसी को दक्षिण एशियाई राजनीति में अहम मोड़ के तौर पर देखा जा रहा है. बीएनपी ने चुनाव जीतने के बाद देशवासियों का आभार जताया है, लेकिन पार्टी ने अपने समर्थकों से जश्न नहीं मनाने की अपील की है. पार्टी ने कार्यकर्ताओं से शुक्रवार की नमाज़ अदा करने और पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया को याद करने का आग्रह किया है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved