
नई दिल्ली: भारत और अमेरिका ने शुक्रवार को अंतरिम व्यापार समझौते (ITA ) का फ्रेमवर्क जारी कर दिया है. इस नए फ्रेमवर्क के तहत भारतीय सामान पर अमेरिका का टैक्स 50% घटाकर 18% कर दिया गया है. इसके साथ ही रूस से तेल खरीदने को लेकर भारत पर लगाया गया अतिरिक्त 25% टैक्स भी हटा लिया गया है. इस डील पर पीएम मोदी ने भी खुशी जाहिर की है. उन्होंने कहा कि इससे मेक इन इंडिया को मजबूती मिलेगी.
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा कि भारत और अमेरिका ने अंतरिम व्यापार समझौते (Interim Trade Agreement) के लिए एक रूपरेखा पर सहमति बना ली है. मैं दोनों देशों के बीच मजबूत संबंधों के लिए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की व्यक्तिगत प्रतिबद्धता के लिए उनका धन्यवाद करता हूं.
उन्होंने आगे लिखा कि यह रूपरेखा हमारे आपसी रिश्तों में बढ़ती गहराई, भरोसे और सक्रिय साझेदारी को दर्शाती है. इससे मेक इन इंडिया को मजबूती मिलेगी और भारत के मेहनती किसानों, उद्यमियों, एमएसएमई, स्टार्टअप नवाचारकों, मछुआरों और अन्य क्षेत्रों के लिए नए अवसर खुलेंगे. इसके जरिए महिलाओं और युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे.
पीएम मोदी ने लिखा कि भारत और अमेरिका नवाचार को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध हैं. यह रूपरेखा दोनों देशों के बीच निवेश और तकनीकी साझेदारी को और गहरा करेगी. इसके साथ ही यह समझौता मजबूत, भरोसेमंद और टिकाऊ सप्लाई चेन को सशक्त बनाएगा और वैश्विक आर्थिक विकास में योगदान देगा. आगे लिखा कि विकसित भारत के लक्ष्य की ओर आगे बढ़ते हुए, भारत भविष्य को ध्यान में रखते हुए ऐसी वैश्विक साझेदारियां बनाने के लिए प्रतिबद्ध है, जो हमारे लोगों को सशक्त करें और साझा समृद्धि को बढ़ावा दें.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved