
इन्दौर। लक्ष्मीबाई नगर रेलवे स्टेशन के पास से पिछले दिनों मिली अज्ञात युवक की लाश के मामले में खुलासा हो गया है। वहीं पुलिस ने उसकी पहचान भी कर ली है। उसका पैसों को लेकर अपने तीन दोस्तों से विवाद हुआ था। पुलिस ने उसकी लाश को दफना दिया था, आज उसे निकालने पहुंची।
न्यू प्रिंस नगर बाणगंगा निवासी 37 वर्षीय योगेश पांचाल पिता परमानंद 13 नवंबर को घर से निकला था। उसी दिन सुबह उसने अपने तीन साथियों रवि, टन्नू, राकेश के साथ मिलकर बाणगंगा वाइन शॉप पर शराब पी थी। उसी दौरान पैसों की बात को लेकर तीनों से उसका विवाद हुआ था। बाद में साथी चले गए थे।
इस बात का खुलासा उसके साथी टन्नू ने किया है। बाद में उसकी लाश लक्ष्मीबाई रेलवे स्टेशन पर मिली थी, लेकिन पहचान नहीं होने के कारण पुलिस भी खोजबीन कर रही थी। परिवार वालों ने 14 नवंबर को गुमशुदगी की रिपोर्ट बाणगंगा थाने में दर्ज कराई थी। कल उसकी पहचान फोटो के आधार पर परिजनों ने की। कल ही शव को जीआरपी ने लावारिस मानकर दफना दिया था। पहचान होने के बाद आज पुलिस शव को निकालने पंचकुइया मुक्तिधाम पहुंची। पहचान होने के बाद आज शव को निकालकर जांच की जाएगी। वहीं उसके साथियों से भी पुलिस पूछताछ करेगी कि आखिर उसकी मौत कैसे हुई। उसने आत्महत्या की या फिर और कोई कारण था।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved