
मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से एक रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक रेलवे कर्मचारी पति पर अपनी ही पत्नी को शारीरिक और मानसिक तौर पर प्रताड़ित करने के बाद उसे डिजिटल प्लेटफॉर्म पर बदनाम करने का गंभीर आरोप लगा है. पीड़िता का आरोप है कि उसके पति ने न केवल उसके साथ मारपीट की, बल्कि उसकी अश्लील तस्वीरें और मोबाइल नंबर इंटरनेट पर रेट लिखकर वायरल कर दिया.
पीड़िता की शादी तीन साल पहले लालकुर्ती थाना क्षेत्र के रहने वाले एक रेलवे कर्मी से हुई थी. महिला का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति, सास और ननद ने उसे दहेज और अन्य बातों को लेकर प्रताड़ित करना शुरू कर दिया. घर के भीतर उसे हर दिन अपमानित किया जाता था.
महिला ने अपनी शिकायत में एक बेहद खौफनाक घटना का जिक्र किया है. उसने बताया कि करीब एक साल पहले पति ने उसे आठ दिनों तक कमरे में बंधक बनाकर रखा और गर्म चिमटों से उसके शरीर को दागा. रिश्तेदारों के हस्तक्षेप और समझौते के बाद वह दोबारा ससुराल गई, लेकिन वहां उत्पीड़न कम नहीं हुआ, जिसके बाद वह अपने मायके कंकरखेड़ा लौट आई.
मायके आने के बाद पति की हैवानियत और बढ़ गई. आरोपी ने पीड़िता की गरिमा को ठेस पहुंचाने के लिए सोशल मीडिया पर उसकी अश्लील तस्वीरें अपलोड कर दीं. तस्वीरों के साथ अभद्र और गंदी टिप्पणियां लिखीं. सबसे शर्मनाक कृत्य करते हुए महिला की कीमत (रेट) लिखकर उसका मोबाइल नंबर सार्वजनिक कर दिया. इसके बाद से महिला के पास अनजान नंबरों से लगातार अश्लील कॉल और मैसेज आ रहे हैं, जिससे वह और उसका परिवार गहरे सदमे में है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved