
नई दिल्ली । T20 World Cup 2026 से पहले टीमों की तैयारियों को परखने के लिए खेले जा रहे वार्मअप मुकाबले रोमांचक होते जा रहे हैं। दूसरे दिन यानी 3 फरवरी को कुल तीन मैच खेले गए जिनमें कई टीमों के प्रदर्शन (Team performances)ने चौंकाया। इस दिन श्रीलंका ए नीदरलैंड(Sri Lanka A, Netherlands) और यूएई (UAE)की टीमों को हार झेलनी पड़ी जबकि ओमान जिम्बाब्वे(Zimbabwe) और नेपाल (Nepal)ने अपने मुकाबले जीतकर आत्मविश्वास बढ़ाया।
दिन का पहला मुकाबला श्रीलंका ए और ओमान के बीच खेला गया। इस मैच में श्रीलंका ए की टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 145 रन ही बना सकी। टीम का कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी ओमान की टीम ने 18 ओवर में 5 विकेट खोकर 146 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। ओमान की ओर से कलीम ने शानदार 80 रन बनाए जबकि विनायक शुक्ला ने 39 रनों का योगदान दिया। श्रीलंका ए के लिए वनुजा सहान ने 3 विकेट लिए लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।
दूसरा वार्मअप मैच जिम्बाब्वे और नीदरलैंड के बीच कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला गया। जिम्बाब्वे ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 178 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए नीदरलैंड की टीम 149 रन पर सिमट गई और 29 रनों से मुकाबला हार गई। जिम्बाब्वे की ओर से रयान बर्ल ने अर्धशतकीय पारी खेली जबकि डियोन मेयर्स ने 32 रन बनाए। नीदरलैंड के लिए लोगान वैन बीक ने 3 विकेट लिए और 40 रन भी बनाए लेकिन उनका प्रदर्शन टीम को जीत नहीं दिला सका।
दिन का तीसरा मुकाबला चेन्नई में यूएई और नेपाल के बीच खेला गया। यूएई की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 145 रन बनाए। जवाब में नेपाल की टीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 17वें ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया और मुकाबला 7 विकेट से जीत लिया। नेपाल के लिए आरिफ शेख ने 37 गेंदों में 61 रन बनाए जबकि दिपेंद्र सिंह ऐरी ने 50 रनों की अहम पारी खेली। यूएई के लिए सोहेब खान और हर्षित कौशिक ने क्रमशः 38 और 35 रन बनाए।
इन वार्मअप मुकाबलों से साफ है कि टीमें टूर्नामेंट से पहले अपने संयोजन और रणनीति को अंतिम रूप देने में जुटी हैं और आगे के मैच और भी दिलचस्प होने की उम्मीद है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved