
इंदौर। जवाहर मार्ग से यातायात का दबाव कम करने के लिए नगर निगम के अफसरों ने एक और नई सडक़ बनाने की तैयारी की है। पूर्व में अधिकारियों की टीम वहां मौका निरीक्षण करने गई थी और अब इसका प्रस्ताव तैयार कर टेंडर जारी किए गए हैं। रावला क्षेत्र में श्रीगौड़ विद्या मदिर से दौलतगंज होते हुए जवाहर मार्ग तक 40 फीट से ज्यादा चौड़ी सडक़ बनाने की तैयारी है। इसके लिए बाधक मकानों को चिह्नित करने के साथ-साथ जमीनों की पड़ताल की जा रही है।
नगर निगम ने इससे पहले चंद्रभागा से संजय सेतु से लिए नई लिंक रोड बनाई थी और इसके कारण जवाहर मार्ग से यातायात का दबाव काफी कम हुआ, क्योंकि कई वाहन चालक जूनी इंदौर और पागनीसपागा जाने के लिए संजय सेतु से सीधे उक्त मार्ग का उपयोग करते हैं। अब निगम रावला में श्रीगौड़ विद्या मदिर से होते हुए पुल से दौलतगंज होकर जवाहर मार्ग को जोडऩे वाली सडक़ बनाने की तैयारी में है। यह सडक़ जवाहर मार्ग के ठीक सामने रानीपुरा बिजली कार्यालय के सामने निकलेगी।
अधिकारियों के मुताबिक क्षेत्रीय विधायक गोलू शुक्ला ने भी इसके लिए प्रस्ताव भेजा था और उसी के आधार पर अब निगम द्वारा काम शुरू किया जा रहा है और ढाई करोड़ से सडक़ बनाए जाने के टेंडर जारी किए गए हैं। अधिकारियों के मुताबिक पुल के आसपास के हिस्सों में कई मकानों के भाग सडक़ की चपेट में आ रहे हैं। इनमें पूर्व पार्षद के परिजनों के मकानों के हिस्से भी शामिल हैं। नगर निगम अफसरों की टीम उक्त क्षेत्र में बाधक निर्माणों को चिह्नित करने में जुटी है, ताकि जल्द से जल्द वहां सारी स्थिति स्पष्ट हो सके।
इसके साथ ही कई जमीनों की पड़ताल भी की जा रही है, क्योंकि पुराने इंदौर के मान से कई लोगों को वहां लीज पर नगर निगम द्वारा सडक़ों के आधार पर अनुमतियां दी गई हैं और इन सब अनुमतियों और लीज का लेखा-जोखा भी तैयार किया जा रहा है, ताकि बाधाएं हटाने के दौरान इन दस्तावेजों का उपयोग किया जा सके। अफसरों का कहना है कि जल्द ही यह सारे काम पूरे करने के बाद सडक़ निर्माण शुरू कराने की तैयारी है, क्योंकि इससे जूनी इंदौर रावला क्षेत्र से वाहन चालक जवाहर मार्ग पर सीधे पहुंच सकेंगे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved