देश

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेंट की जाएगी कोंदड़ राम की प्रतिमा

अयोध्या। अयोध्या में राम जन्मभूमि मंदिर के भूमिपूजन की तैयारियों जोरों पर हैं। 5 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत की भी भव्य तैयारी की जा रही है। अयोध्या यात्रा के दौरान पीएम मोदी को लकड़ी की बनी दुर्लभ डेढ़ फुट की कोदंड राम और एक फुट की लव-कुश की प्रतिमा भेंट की जाएगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दी जाने वाली प्रतिमाएं अयोध्या शोध संस्थान की तरफ से कर्नाटक में बनवाई जा रही है, जो कि लगभग पूर्ण हो चुकी है। 5 अगस्त को राम जन्मभूमि में पूजन के दौरान पीएम नरेंद्र मोदी को कोदंड राम और लव-कुश की प्रतिमा उत्तर प्रदेश सरकार के संस्कृति विभाग की तरफ से भेंट की जाएगी। इन मूर्तियों को विशेष रूप से कर्नाटक में प्रेसिडेंट अवॉर्ड से सम्मानित शिल्पकार राममूर्ति तैयार कर रहे हैं। इनको बनाने के लिए कर्नाटक की विशेष टीकवुड का इस्तेमाल किया गया है। दरअसल भगवान श्रीराम के धनुष को कोदंड के रूप में जाना जाता है। जब वह सीताजी की खोज में दक्षिण भारत पहुंचे थे तो उनके हाथ में उस वक्त कोदंड धनुष था।
भगवान श्रीराम ने अपनी पत्नी सीताजी की रक्षा के लिए कोदंड धनुष उठाया था, इसलिए दक्षिण भारत में भगवान श्रीराम को स्त्री रक्षक के रूप में माना जाता है और राम के कोदंड रूप की पूजा की जाती है। गौरतलब है कि 5 अगस्त को शुभ मुहूर्त में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अयोध्या में राम मंदिर के लिए भूमि पूजन करेंगे।भूमि पूजन के भव्य कार्यक्रम की तैयारी हो चुकी है। 200 मेहमानों को निमंत्रण भेज दिया गया है। इसकी लिस्ट ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने पीएमओ को भेज दी है।
राम मंदिर के भूमिपूजन वाले दिन रामलला नवरत्न जड़े और मखमल के वस्त्र पहनेंगे। रामलला के वस्त्र हरे और केसरिया रंग में बन रहे हैं। रामलला के हरे रंग के वस्त्र में भगवा रंग की गोटी लगाई जा रही है। 1 अगस्त तक रामलला के वस्त्र तैयार हो जाएंगे। वस्त्रों के अलावा आसन पर बिछाने के लिए चुनरी सितारा जड़ित परदा भी तैयार किया जा रहा है।

Share:

Next Post

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा भी कोरोना पॉजिटिव, चिरायु अस्पताल में हुए भर्ती

Thu Jul 30 , 2020
भोपाल। मप्र भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। बुधवार देर शाम उनकी जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए चिरायु अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वीडी शर्मा, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, मंत्री अरविंद भदौरिया और संगठन मंत्री सुहास भगत के साथ स्व. लालजी टंडन को […]