
इंदौर। प्रशासन ने पानी मिला डीजल बेचने पर एक पेट्रोल पम्प को कल रात सील कर दिया। सांवेर एसडीएम घनश्याम धनगर ने उक्त कार्रवाई क्षिप्रा से सांवेर रोड पर गुरान के समीप स्थित दीपश्री किसान सेवा केन्द्र नामक पेट्रोल पम्प के खिलाफ करवाई।सहायक आयुक्त आबकारी अभिषेक तिवारी ने बताया कि विभिन्न टीमों ने अवैध शराब के मामलों में कार्रवाई करते हुए जहां देसी-विदेशी शराब, बीयर के साथ हाथ भट्टी मदिरा तो पकड़ी, वहीं चार दो पहिया वाहनों, जिनका मूल्य 3 लाख रुपए से अधिक है उन्हें जब्त कर लिया।
वहीं दूसरी तरफ सांवेर एसडीएम श्री धनगर ने शिकायत मिलने पर पम्प को सील करवाने की कार्रवाई की। दरअसल, एक स्कार्पियो गाड़ी ने उक्त पम्प से डीजल भरवाया और थोड़ी दूर जाकर गाड़ी बंद हो गई, तो उसने कम्पनी के शोरूम पर शिकायत की और वहां के एक कर्मचारी ने गाड़ी की जांच करने पर बताया कि डीजल में पानी मिला हुआ है।
वाहन मालिक अफजल खान की शिकायत पर पम्प के मैनेजर को शोरूम बुलाया तो उसने भी डीजल में पानी मिला देखा, तो पेमेंट वापस करने की बात कही। मगर वाहन मालिक ने पेमेंट वापस लेने की बजाय पेट्रोल पम्प मालिक को फोन लगाया और उसने बात नहीं की, जिसके चलते फिर प्रशासन को शिकायत की गई। इस पर एसडीएम श्री धनगर ने टीम भेजकर जांच करवाई और डीजल के एक टैंक में पानी की पुष्टि होने पर प्रकरण पंजीबद्ध करवाकर डीजल टैंक के साथ पम्प को भी सील करवाया। उक्त पम्प मंजू अग्रवाल पति संदीप अग्रवाल का बताया गया है, जो कि दीपश्री किसान सेवा केन्द्र के नाम से पंजीकृत है। अमानक डीजल के मामले में पहले भी कई पेट्रोल पंप पर प्रशासन कार्रवाई कर चुका है।

©2026 Agnibaan , All Rights Reserved