
मुंबई। अल्लू अर्जुन (Allu Arjun), रश्मिका मंदाना और फहद फासिल जैसे सितारों से सजी फिल्म ‘पुष्पा 2: द रूल’ (‘Pushpa 2: The Rule’) दो दिन बाद यानी 5 दिसंबर को दुनिया भर के सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है। सुकुमार निर्देशित यह फिल्म साल की सबसे बहुप्रतीक्षित फिल्मों में से एक है। आंध्र प्रदेश (Andhra Pradesh) में टिकट के दाम (Ticket Price) में बढ़ोतरी की गई है। यह एलान बीते दिनों आंध्र प्रदेश सरकार ने किया था। वहीं, अब सरकार के इस फैसले पर अभिनेता अपनी प्रतिक्रिया देते नजर आए हैं।
बढ़ती प्रत्याशा के बीच, आंध्र प्रदेश सरकार ने ‘पुष्पा 2: द रूल’ के लिए टिकट की कीमत में बढ़ोतरी की घोषणा की है। इस फैसले से अभिनेता अल्लू अर्जुन गदगद हो उठे हैं। उन्होंने तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री (Telugu Film Industry) के विकास और समृद्धि के प्रति अटूट प्रतिबद्धता के लिए माननीय मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और माननीय उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण को धन्यवाद दिया है।
अल्लू अर्जुन ने अपने सोशल मीडिया पर धन्यवाद नोट साझा किया जिसमें उन्होंने लिखा, ‘टिकट बढ़ोतरी को मंजूरी देने के लिए मैं आंध्र प्रदेश सरकार को दिल से धन्यवाद देता हूं। यह प्रगतिशील निर्णय तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री के विकास और समृद्धि के लिए आपकी दृढ़ प्रतिबद्धता को दर्शाता है।’
उन्होंने मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए आगे लिखा, ‘मैं माननीय मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और माननीय उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण गारू को धन्यवाद देता हूं। फिल्म इंडस्ट्री को सशक्त बनाने में अमूल्य समर्थन।’ ‘पुष्पा 2’ की एडवांस बुकिंग जोर शोर से शुरू हुई।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved