
नई दिल्ली: यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की (President Volodymyr Zelensky) ने कहा है कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन पहले ही तीसरे विश्व युद्ध की शुरुआत कर चुके हैं. रूस-यूक्रेन जंग की चौथी बरसी से ठीक पहले दिए इंटरव्यू में जेलेंस्की ने कहा कि मुझे लगता है कि पुतिन ने तीसरा विश्ल युद्ध पहले ही शुरू कर दिया है. अब सवाल यह है कि वह कितना क्षेत्र कब्जा कर पाएंगे और उन्हें कैसे रोका जाए. उन्होंने आरोप लगाया कि रूस दुनिया पर अपनी सोच और जीवनशैली थोपना चाहता है. उन्होंने कहा कि इस युद्ध को खत्म करने का एकमात्र तरीका रूस पर कड़ा सैन्य और आर्थिक दबाव बनाना है.
जेलेस्की का यह बयान ऐसे समय आया है जब पुतिन ने कहा है कि रूस के लिए न्यूक्लियर ट्रायड डेवलप करना सबसे बड़ी प्राथमिकता है. उनके मुताबिक न्यूक्लियर ट्रायड रूस की सुरक्षा की गारंटी है और इससे दुनिया में ताकत का संतुलन बना रहता है. पुतिन ने उन्नत और नई पीढ़ी के हथियारों के अनुसंधान और विकास की रफ्तार तेज करने का वादा किया. पुतिन ने डिफेंडर ऑफ द फादरलैंड डे के मौके पर वीडियो संदेश जारी कर यह बात कही.
क्या है न्यूक्लियर ट्रायड?
न्यूक्लियर ट्रायड यानी जमीन, हवा और समुद्र से परमाणु हमला करने की क्षमता. इसमें जमीन से लंबी दूरी की मिसाइल (ICBM- इंटरकॉन्टिनेंटल बैलिस्टिक मिसाइल), समुद्र से पनडुब्बी द्वारा छोड़ी जाने वाली मिसाइल (SLBM- सबमरीन लॉन्च्ड बैलिस्टिक मिसाइल) और हवा से परमाणु बम ले जाने वाले बॉम्बर विमान. इससे किसी देश को पहले हमले के बाद भी जवाबी हमला करने की ताकत मिलती है और दुश्मन पर रोक बनी रहती है. माना जाता है कि अमेरिका, रूस, भारत और चीन के पास न्यूक्लियर ट्रायड है.
रूस के पास सबसे बड़ा परमाणु भंडार
रूस के पास फिलहाल सबसे अधिक (लगभग 6,257) परमाणु हथियार हैं. साल 2000 में रूस के पास करीब 21 हजार परमाणु हथियार थे, जो अब घटकर 6,257 रह गए हैं. यह एक बड़ी गिरावट है, लेकिन फिर भी रूस दुनिया का सबसे बड़ा परमाणु शक्ति संपन्न देश बना हुआ है. फिलहाल रूस के पास लगभग 1,912 टैक्टिकल न्यूक्लियर वॉरहेड्स हैं, जो छोटे दायरे के युद्ध के लिए बनाए गए हैं.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved