
नई दिल्ली। लोकसभा (Lok Sabha) में विपक्ष के नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने दिल्ली में आयोजित ‘रन फॉर अंबेडकर’ और ‘रन फॉर कॉन्स्टिट्यूशन’ मैराथन 2026 को हरी झंडी दिखाई। इस दौरान उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (BJP) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर तीखा हमला बोला।
राहुल गांधी ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर का सबसे बड़ा योगदान देश को संविधान देना था, लेकिन आज उसी संविधान को खत्म करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और आरएसएस की विचारधारा संविधान और अंबेडकर के सिद्धांतों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि ये ताकतें समाज में समानता के अधिकार को कमजोर करना चाहती हैं। राहुल गांधी ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा के नेता अंबेडकर की प्रतिमा के सामने सम्मान जताने का दिखावा करते हैं, जबकि उनके काम संविधान के विपरीत हैं।
इस मौके पर कांग्रेस सांसद तनुज पुनिया ने भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार लगातार संविधान की मूल भावना पर चोट कर रही है और उसके कई फैसले आक्रामक रवैये को दर्शाते हैं। पुनिया ने आरोप लगाया कि सरकार परोक्ष रूप से संविधान के प्रावधानों को नजरअंदाज कर रही है।
महिला आरक्षण बिल के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा इसके समर्थन में रही है, लेकिन इसके लागू करने के तरीके पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बिना नई जनगणना और परिसीमन के इस बिल को लागू करना उचित नहीं है। कांग्रेस का मानना है कि इसे नई जनगणना के आधार पर ही लागू किया जाना चाहिए, न कि 2011 के आंकड़ों के आधार पर।
मैराथन के जरिए कांग्रेस नेताओं ने यह संदेश देने की कोशिश की कि वे अंबेडकर की विचारधारा और संविधान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved