भोपाल (Bhopal)। मध्य प्रदेश (MP) में एक बार फिर मौसम का मिजाज (weather patterns) बदल गया है। यहां शनिवार को खंडवा, छिंदवाड़ा समेत कई जिलों में आंधी-तूफान के साथ तेज बारिश हुई। बैतूल और बुरहानपुर में आंधी-बारिश के साथ ओले भी गिरे। वहीं, खंडवा में आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। मौसम विभाग ने रविवार को भी नर्मदापुरम, जबलपुर संभाग के जिलों में कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना जताई है।मौसम विशेषज्ञों की मानें तो वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ अफगानिस्तान पर हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात के रूप में बना हुआ है। उसके साथ एक द्रोणिका भी संबद्ध है। इसके प्रभाव से उत्तरी हरियाणा पर एक प्रेरित चक्रवात बना है। मराठवाड़ा से लेकर तमिलनाडु तक एक द्रोणिका बनी हुई है। दक्षिणी छत्तीसगढ़ पर हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है।
वरिष्ठ मौसम विशेषज्ञ अजय शुक्ला ने बताया कि अलग-अलग स्थानों पर बनी मौसम प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश के विभिन्न इलाकों में बारिश हो रही है। रविवार को भी नर्मदापुरम, जबलपुर संभाग के जिलों में कहीं-कहीं वर्षा हो सकती है। शेष जिलों में आंशिक बादल बने रहेंगे। इस वजह से उमस महसूस होगी। उधर अब धीरे-धीरे नमी कम होने लगी है, जिसके चलते रविवार से प्रदेश में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होने की भी संभावना है।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved