
जयपुर। राजस्थान से बड़ी खबर सामने आ रही है। राज्य में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व वाली भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने बड़ा फैसला किया है। अब राज्य में दो से ज्यादा बच्चे वाले लोग भी नगर निकाय और पंचायत के चुनाव लड़ सकेंगे। बता दें कि इससे पहले दो से ज्यादा बच्चों वालों के इन चुनाव में लड़ने पर रोक लगी हुई थी। अब इस रोक को हटा लिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, बुधवार को राजस्थान कैबिनेट की बैठक में बड़ा फैसला लेते हुए दो से ज्यादा बच्चों वालों के चुनाव लड़ने पर लगी रोक को हटा लिया गया है। जानकारी के मुताबिक, विधानसभा के मौजूदा सत्र में ही इसे सदन में पेश कर कानून भी बनाया जाएगा। राजस्थान के कानून मंत्री जोगाराम पटेल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर के सरकार के इस फैसले के बारे में जानकारी दी है।
इस फैसले को लेकर राजस्थान के कैबिनेट मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने भी बात की। उन्होंने कहा है कि लोग अब जागरूक हो चुके हैं और आर्थिक रूप से सक्षम ऐसे लोग जो ज्यादा बच्चों को पाल सकते हैं, उन्हें चुनाव लड़ने का मौका मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार का यह फैसला RSS या किसी अन्य विचारधारा से प्रभावित नहीं है। कैबिनेट मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कहा कि अगर हम किसी विचारधारा से प्रभावित होते तो तीन से ज्यादा बच्चे वालों को ही चुनाव लड़ने की इजाजत देते।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved