
79 लाख की वसूली के प्रशासन ने थमाए हैं नोटिस… सम्पत्ति कुर्क भी करेंगे
इन्दौर। प्रशासन ने जहां राशनखोरों की गिरफ्तारी के साथ उनके अवैध निर्माणों को जमींदोज किया, वहीं 79 लाख रुपए से अधिक की वसूली के नोटिस भी थमाए, जिनमें से ढाई लाख से अधिक की राशि शुरुआत में ही जमा हो गई है। संबंधित आरोपियों द्वारा राशि जमा नहीं करने पर आरआरसी जारी कर उनकी सम्पत्तियों की कुर्की, जब्ती और फिर नीलामी भी की जाएगी।
पिछले दिनों कलेकटर मनीषसिंह ने राशन माफिया के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की और एक दर्जन कंट्रोल दुकानों से गरीबों का राशन हड़पने वाले दवे बंधुओं पर रासुका लगाई। उनके अलावा 31 चिह्नित किए गए आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के साथ उनके अवैध निर्माणों को भी जमींदोज किया गया। अपर कलेक्टर अभय बेड़ेकर ने बताया कि 79 लाख से अधिक की राशि वसूल करने के नोटिस भी जारी कर दिए हैं, जिनमें से तबस्सुम महिला प्राथमिक सहकारी उपभोक्ता भंडार ने 2 लाख 60 हजार की राशि जमा की है। हालांकि अन्य राशि दवे बंधुओं से वसूल की जाना है। इसी तरह दोषी पाए गए अन्य उपभोक्ता भंडार संचालकों को भी इसी तरह नोटिस दिए गये हैं। कलेक्टर के मुताबिक मुख्यमंत्री के निर्देशानसुार राशनखोरों से वसूली कर गरीबों को उनके हक का राशन उसी राशि से दिलवाया जाएगा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved