
इंदौर। नेहरू स्टेडियम में आज सुबह 9 बजे गणतंत्र दिवस समारोह का पूर्वाभ्यास किया गया। फुल ड्रेस हुई इस रिहर्सल में पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह और कलेक्टर आशीष सिंह भी शामिल हुए। वहीं छात्राओं ने भी अपनी दी जाने वाली प्रस्तुति का अभ्यास किया। सरकारी इमारतों पर रोशनी भी कल से की जाएगी। वहीं आज मोहन सरकार की डेस्टिनेशनल कैबिनेट बैठक महेश्वर में आयोजित की गई है, जिसमें पूरे मंत्रिमंडल के साथ मुख्य सचिव सहित प्रशासनिक मशीनरी भी मौजूद रहेगी। कैबिनेट बैठक पश्चात मुख्यमंत्री सभा को भी संबोधित करेंगे।
26 जनवरी गणतंत्र दिवस का मुख्य आयोजन नेहरू स्टेडियम में होना है, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शामिल रहेंगे। एक दर्जन से अधिक विभागों द्वारा झांकियां निकाली जाएंगी तो स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी। ध्वजारोहण और परेड की सलामी के बाद उत्कृष्ट कार्य करने वाले सरकारी अधिकारी-कर्मचारी मुख्यमंत्री के हाथों पुरस्कृत भी होंगे। स्टेडियम में आयोजन की तैयारियां जोरशोर से चल रही हैं। चूंकि मुख्यमंत्री खुद शामिल रहेंगे, इसलिए विशेष सावधानी भी बरती जा रही है। यही कारण है कि आज पूर्वाभ्यास में पुलिस कमिश्नर और कलेक्टर भी शामिल हुए और फुल ड्रेस रिहर्सल का अवलोकन किया और आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। वहीं सभी सरकारी भवनों और ऐतिहासिक स्थलों पर भी इस अवसर पर रोशनी की जाएगी। सामान्य प्रशासन विभाग ने सभी विभागों, संभागायुक्त, कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ को इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए हैं।
दूसरी तरफ आज महेश्वर में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन द्वारा लिए गए निर्णय के मुताबिक कैबिनेट की बैठक होने जा रही है, जिसमें 17 शहरों में शराबबंदी सहित कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे। मुख्यमंत्री महेश्वर घाट पर मां नर्मदा की पूजा-अर्चना कर प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे और पौधारोपण भी होगा। घाटों के साथ नगर में भी साज-सज्जा की गई है और माहेश्वरी साड़ी तैयार करने वाली महिला बुनकरों से सीएम का संवाद होगा। फिर मंत्रिपरिषद् के सदस्यों के साथ देवी अहिल्याबाई के महल का अवलोकन भी किया जाएगा। नर्मदा रिट्रीट को भी कैबिनेट बैठक के लिए विशेष रूप से सजाया-संवारा गया है। मां अहिल्या की 300वीं जयंती के अवसर पर उनकी जीवनी आधारित पुस्तक-कैलेंडर का विमोचन होगा और खरगोन की सिंचाई योजनाओं का वीडियो द्वारा प्रस्तुतिकरण, महेश्वर, जानापाव माइक्रो उद्वहन का शिलान्यास, लोकार्पण-भूमिपूजन के अलावा मुख्यमंत्री और अन्य सदस्य माधव आश्रम न्यास, मंडलेश्वर गोशाला का अवलोकन भी करेंगे और मुख्यमंत्री द्वारा गोपूजन भी किया जाएगा। आज सुबह साढ़े 10 बजे भोपाल से हेलिकॉप्टर द्वारा मुख्यमंत्री महेश्वर पहुंचेंगे और फिर कैबिनेट बैठक व अन्य आयोजनों के बाद शाम साढ़े 5 बजे मंडलेश्वर से हेलिकॉप्टर द्वारा ही भोपाल रवाना हो जाएंगे।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved