
इन्दौर। भाजपा ने अपने कार्यकर्ताओं के लिए दीनदयाल भवन पर स्क्रीन लगाकर चुनाव परिणाम दिखाने की तैयारी की है। इस दौराना कार्यकर्ताओं को गरमागरम आलूबड़े और पोहे का नाश्ता भी करवाया जाएगा। प्रदेश में फिर से सरकार बनाने के एग्जिट पोल पर भाजपाई उत्साहित हैं और यह उत्साह कल डबल हो जाएगा, जब नतीजें आना शुरू हो जाएंगे। जिन भाजपा कार्यकर्ताओं को एजेंट बनाया गया है, उन्हें सीधे नेहरू स्टेडियम पहुचंने के लिए कहा गया है और सुबह 7 बजे ही वे यहां इंट्री कर लेंगे। बाकी बचे हुए कार्यकर्ताओं के लिए हर बार की तरह भाजपा कार्यालय पर परिणाम दिखाने की व्यवस्था की जा रही है।
यहां एक बड़ी स्क्रीन लगाई जा रही है, जिस पर चुनाव परिणाम दिखाए जाएंगे। यही नहीं दूरदराज से आने वाले कार्यकर्ताओं के लिए यहां नाश्ते की व्यवस्था की जाएगी। फिलहाल पोहे और आलूबड़े का नाश्ता तैयार किया जाएगा। यह व्यवस्था मतगणना पूरी होने तक रहेगी, ताकि कोई कार्यकर्ता भूखा न रहे। भाजपा नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे सभी 9 सीटों पर भाजपा की जीत बता रहे हैं। वैसे इंदौर में कुछ सीटें फंसी हुई हैं, जिनका फैसला कल हो जाएगा।

©2026 Agnibaan , All Rights Reserved