बीजिंग। रोजमर्रा की जिंदगी में रोबोट्स (Robots in everyday life) के बढ़ते इस्तेमाल के बीच चीन से सामने आई एक घटना ने नई बहस छेड़ दी है। एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान ह्यूमनॉइड रोबोट (humanoid robot) द्वारा एक छोटे बच्चे को थप्पड़ मारने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस घटना के बाद लोगों ने रोबोट्स की सुरक्षा और उपयोगिता पर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं।
वायरल फुटेज में देखा जा सकता है कि प्रदर्शन के दौरान रोबोट इधर-उधर घूमते हुए अचानक पास खड़े बच्चे को हाथ मार देता है। घटना के तुरंत बाद वहां मौजूद हैंडलर्स आगे बढ़ते हैं और रोबोट को पीछे खींचते हैं, लेकिन वह बीच में ही अपना प्रोग्राम किया हुआ प्रदर्शन जारी रखता दिखाई देता है।
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। कुछ लोगों ने इसे तकनीकी गलती बताया, जबकि कई यूजर्स ने इसे खतरनाक बताया। एक यूजर ने टिप्पणी की कि ऐसा प्रदर्शन बच्चों के लिए जोखिम भरा हो सकता है। दूसरे ने लिखा कि बच्चे ने खतरा महसूस किया, लेकिन समय रहते हट नहीं पाया। वहीं एक अन्य यूजर ने कहा कि धातु से बना रोबोट टकराए तो चोट लगना स्वाभाविक है।
कुछ लोगों ने सार्वजनिक जगहों पर ह्यूमनॉइड रोबोट के इस्तेमाल को लेकर व्यापक चिंता भी जताई। कई यूजर्स का कहना है कि इस तरह की मशीनें अभी बिना सख्त निगरानी के सार्वजनिक उपयोग के लिए पूरी तरह तैयार नहीं हैं।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, घटना में शामिल रोबोट एक चीनी कंपनी द्वारा बनाया गया मॉडल है, जिसकी कीमत करीब 13,500 डॉलर बताई जा रही है और वजन लगभग 35 किलोग्राम है। इसे शोध, शिक्षा और व्यावसायिक उपयोग को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
घटना के बाद सोशल मीडिया पर रोबोट से जुड़ी अन्य घटनाएं भी सामने आने लगीं। कुछ यूजर्स ने दावा किया कि इसी साल कंपनी का एक रोबोट गलती से अपने मानव हैंडलर को किक मार चुका है। वहीं एक अन्य मामले में कथित तौर पर एक रोबोट ने बुजुर्ग महिला को डरा दिया था, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाना पड़ा।
इन घटनाओं के बाद सार्वजनिक स्थानों पर ह्यूमनॉइड रोबोट तैनाती से पहले सख्त सुरक्षा मानकों और निगरानी की जरूरत पर फिर से बहस तेज हो गई है।