
आजाद नगर क्षेत्र स्थित पावर हाउस के सामने हुई वारदात, हत्या में दो बदमाशों के नाम आए सामने, साथियों की शिनाख्त का प्रयास
इन्दौर। आजाद नगर थाना क्षेत्र में एक बरात में नाचने के दौरान हुए विवाद में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। हत्या में शामिल दो लोगों के नाम पुलिस के सामने आ रहे हैं, लेकिन और भी लोगों पर हमले का आरोप लगाया जा रहा है।
आजाद नगर पुलिस ने बताया कि सोनू पिता राजू यादव निवासी विराट नगर को घायल अवस्था में एमवाय अस्पताल लाया गया। परिजन ने बताया कि वह सुलोचन यादव नामक युवक की शादी में बरात के साथ जा रहा था। बरात में नाचने की बात को लेकर उसका सुमित और आयुष कौशल नामक दो युवकों से विवाद हुआ। उसके पैर पर चाकुओं से हमला कर दिया गया। अन्य बरातियों ने उसे घायल देख अस्पताल पहुंचाया, लेकिन ज्यादा खून बह जाने के चलते उसकी मौत हो गई। सोनू टाइल्स लगाने का काम करता था। दोनों हमलावर फरार हैं। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है, ताकि आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर दबाव बनाया जा सके। उधर मृतक के परिजन का कहना है कि हमले में सुमित, आयुष के अलावा विकास और आकाश सहित उनके साथियों का भी हाथ है। पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है।
डीजे की आवाज में कुछ समझ नहीं आया
बताया जा रहा है कि सोनू और हमलावरों के बीच जब विवाद हुआ, तब डीजे की तेज आवाज के चलते ज्यादातर बरातियों को समझ नहीं आया कि क्या हुआ। सोनू के रिश्तेदारों और साथियों को भी विवाद की भनक नहीं लगी। उसे तो सडक़ पर खून से लथपथ देखा, तब संभाला और रिक्शा में बैठाकर अस्पताल ले गए।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved