मुंबई। बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान (Salman khan) और कश्यप ब्रदर्स (Kashyap Brothers) के साथ विवाद की खबरें सुर्खियों में बनी हुई है। हाल में अभिनव कश्यप ने सलमान और उनके परिवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। इस बीच सलमान ने अनुराग कश्यप की नई फिल्म निशांची को खुलकर सपोर्ट किया है। शनिवार को सलमान ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वह फिल्म के पोस्टर पर रिएक्ट करते नज़र आए। वीडियो में सोनाक्षी सिन्हा भी सलमान के साथ मौजूद थीं। पोस्टर देखते हुए सलमान ने खुशी जताई है।
सलमान खान ने अपने वीडियो के कैप्शन में अनुराग कश्यप और फिल्म की कास्ट, डेब्यू कर रहे ऐश्वर्य ठाकरे और वेदिका पिंटो को टैग करते हुए बधाई दी है। सलमान का यह वीडियो तब सामने आया है जब अनुराग कश्यप के भाई डायरेक्टर अभिनव कश्यप ने सलमान को लेकर विवादित बातें कहीं। इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में अभिनव ने कहा था, “सलमान कभी इन्वॉल्व नहीं होते। उन्हें एक्टिंग में कोई दिलचस्पी नहीं है, और पिछले 25 साल से नहीं है। वह काम पर सिर्फ एहसान करने के लिए पहुंचते हैं। वह एक्टिंग से ज्यादा अपनी सेलिब्रिटी पावर में दिलचस्पी रखते हैं। वह एक गुंडा हैं।”
अभिनव ने कहा था बदतमीज
अभिनव ने सलमान पर और भी आरोप लगाते हुए कहा था, “वह बदतमीज़ और प्रतिशोधी हैं। सलमान बॉलीवुड में स्टार सिस्टम के पिता हैं। वह ऐसे फिल्मी परिवार से आते हैं जो 50 साल से इंडस्ट्री में है। वह उसी प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हैं। ये लोग प्रतिशोधी हैं और पूरी प्रक्रिया पर कंट्रोल रखते हैं। अगर आप सहमत नहीं होते, तो आपके पीछे पड़ जाते हैं।” हालांकि, अभिनव के उनके भाई अनुराग के साथ भी रिश्ते ठीक नहीं हैं।
अनुराग से भी विवाद
वैसे सलमान और अनुराग कश्यप के रिश्ते की बात है, दोनों के बीच भी पहले टकराव रह चुका है। अनुराग ने एक बार दावा किया था कि वह सलमान खान की फिल्म तेरे नाम डायरेक्ट करने वाले थे, लेकिन उन्हें प्रोजेक्ट से बाहर कर दिया गया क्योंकि उन्होंने सलमान से कहा था कि वह फिल्म के लिए छाती पर बाल उगाएं।इस बीच सलमान का उनकी फिल्म को समर्थन करना फैंस को पसंद आ रहा है।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved