नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेता सौरभ दास और आशुतोष रांका दिल्ली पुलिस (Delhi Police) के समन के बावजूद गुरुवार को पूछताछ के लिए पेश नहीं हुए। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों ने पुलिस से पेश होने के लिए अतिरिक्त समय मांगा है। ऐसे में पुलिस की ओर से उन्हें नया नोटिस जारी किया जा सकता है। दिल्ली पुलिस ने दोनों नेताओं को राजौरी गार्डन स्थित कार्यालय में पूछताछ के लिए बुलाया था। दोनों को दो दिन पहले ही न्यायिक हिरासत से रिहा किया गया था।
तिहाड़ जेल से बाहर आने के बाद सौरभ दास ने भाजपा पर निशाना साधा था। भाजपा नेता गौरव भाटिया के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए दास ने कहा कि पार्टी पुरानी बातें दोहरा रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “कुछ नया ले आओ भाई।” दास ने कहा कि घिसी-पिटी स्क्रिप्ट दोहराने से कोई फायदा नहीं होगा।
50 हजार रुपये के निजी मुचलके पर मिली रिहाई
स्पेशल एग्जिक्यूटिव मजिस्ट्रेट की अदालत ने शांति बनाए रखने की शर्त पर बॉन्ड भरवाने के बाद दोनों नेताओं को रिहा करने की अनुमति दी थी। दोनों से 50-50 हजार रुपये का निजी मुचलका भरवाया गया है। अदालत ने उन्हें सुनवाई की तारीखों पर उपस्थित रहने और कानून का उल्लंघन नहीं करने की शर्त भी दी है। साथ ही भविष्य में किसी भी प्रदर्शन को कानून के दायरे में रखने के निर्देश दिए गए हैं।
अदालत में दिए गए वचन को ध्यान में रखते हुए मजिस्ट्रेट ने इस चरण में आगे न्यायिक हिरासत की जरूरत नहीं मानी। जांच अधिकारी को जमानतदारों का सत्यापन कर रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया गया है। मामले की अगली सुनवाई 23 अक्टूबर को दोपहर तीन बजे निर्धारित की गई है। दोनों नेताओं और उनके जमानतदारों को उस दिन उपस्थित रहने के लिए कहा गया है।
दिल्ली पुलिस की कार्रवाई 13 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन से संबंधित है। पुलिस के अनुसार, प्रदर्शन में सौरभ दास, आशुतोष रांका, शिंदे और सीजेपी के 11 अन्य सदस्य शामिल थे। पुलिस का आरोप है कि धरना स्थल के रूप में अधिसूचित नहीं होने के बावजूद प्रदर्शनकारियों ने निजी परिसरों के रास्ते क्षेत्र में प्रवेश किया और शांति बनाए रखने से जुड़ी शर्तों का कथित उल्लंघन किया। प्रदर्शन के दौरान तिरंगा भी लहराया गया था।
चेन्नई में एसआईआर के खिलाफ प्रदर्शन
इधर, चेन्नई में गुरुवार को सीजेपी के सदस्यों ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के खिलाफ और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। पार्टी के सदस्यों के अनुसार, अभिनेता प्रकाश राज के भी प्रदर्शन में शामिल होने की उम्मीद थी, लेकिन वह नहीं पहुंचे।
पुलिस की ओर से अनुमति दिए जाने से आधिकारिक इनकार के बावजूद आयोजकों ने शाम करीब चार बजे राजरथिनम स्टेडियम के पास प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसमें 100 से अधिक युवाओं ने हिस्सा लिया।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved