
इंदौर। चोरल रेंज (Choral Range) में कई दिनों से तेंदुए (Leopard) की हलचल बढऩे लगी है, जिसको लेकर वन विभाग (Forest Department) की टीम सक्रिय हो गई है। रेंजर रविकांत जैन ने बताया कि सेंडल-मेंडल (Sendal-Mendal), गाजिंदा (Gajinda) सहित आसपास के जंगलों में सर्चिंग (Searching) की जा रही है।
तेंदुए के आने से आसपास के गांव के लोग बेहद डर गए हैं। कल भी तेंदुए (Leopard) ने मेंडल गांव में एक श्वान का शिकार किया था। इसके पहले गाजिंदा गांव में एक शराबी युवक को घायल कर दिया था। 8 जून को रात में घर के बाहर सो रही 6 साल की बच्ची का शिकार कर मौत के घाट उतार दिया था।
रतजगा कर रहे ग्रामीण
तेंदुए (Leopard) के आने से ग्रामीण इतने भयभीत हो गए हैं कि रतजगा कर रहे हैं। घर के बाहर अलाव जलाकर शाम ढलते ही घर में दुबकने के लिए मजबूर हो गए हैं। सभी ग्रामीण एकजुट होकर रात में लाठियां लेकर टॉर्च की रोशनी में रखवाली भी कर रहे हैं।
ग्रामीणों के जंगल की ओर जाने पर लगाई रोक
कई हेक्टेयर क्षेत्र में फैले चोरल के प्रमुख मार्गों पर वन विभाग (Forest Department) की टीम तैनात होकर ग्रामीणों को जंगल के रास्ते जाने पर रोक रही है। अधिकारियों का कहना है कि जब तक तेंदुए (Leopard) का मूवमेंट जंगल के बाहर रहेगा तब तक लोगों को जंगल के रास्ते नहीं जाने दिया जाएगा। टीम द्वारा सभी गांव में मुनादी कर कहा जा रहा है कि सभी लोग घर में ही रहें। खासकर छोटे बच्चे व परिवार के बुजुर्ग पर ध्यान दें।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved