
नई दिल्ली । मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के शाजापुर जिले (Shajapur district) में एसपी बंगले पर तैनात होमगार्ड जवान (Home Guard Jawan) को महिला (Woman) द्वारा ब्लैकमेल (Blackmail) करने का मामला सामने आया है। पीड़ित का नाम अरविन्द शर्मा है, वहीं आरोपी महिला का नाम सपना है। प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी महिला से संतरी की पहचान करीब 2 साल पहले इंस्टाग्राम पर हुई थी, जो जल्द ही दोस्ती में बदल गई। इसके बाद दोनों का रिश्ता गहराता गया और दोनों एक-दूसरे से प्यार करने लगे। युवती ने खुद को कुंवारा बताते हुए दोस्ती की थी, ऐसे में संतरी भी आसानी से उसके जाल में फंस गया। रिश्ता बढ़ने के बाद युवती छोटी-मोटी जरूरतें बताते हुए युवक से रुपए उधार मांगने लगी। शुरुआत में उसने संतरी से 1 हजार और 500 रुपए लिए, फिर आहिस्ता-आहिस्ता उसका लालच बढ़ने लगा और वह उस संतरी को ब्लैकमेल करते हुए ज्यादा पैसों की डिमांड करने लगी।
महिला को लग गया लालच, वसूल लिए 10 लाख रुपए
इसके बाद तो जैसे महिला की नीयत ही खराब हो गई और वह दूसरे के खातों में रुपए ट्रांसफर करवाने लगी। महिला के कहे अनुसार अरविन्द ने भी उसके बताए खातों में रुपए डालने शुरू कर दिए। इसके बाद महिला लगातार कभी अपने तो कभी अपने पहचान वालों के खाते में पैसे डलवाती रही। इस तरह धीरे-धीरे करके उसने उस संतरी से 10 लाख रुपए तक वसूल लिए। हालांकि इसके बाद भी उसकी मांग खत्म नहीं हुई।
आईफोन के लिए दी फोटो वायरल करने की धमकी
करीब एक साल बाद युवक को पता चला कि महिला शादीशुदा है और उसका एक 9 साल का बेटा भी है। जब अरविन्द शर्मा ने जब उससे इस बारे में पूछा तो उसने खुद को अविवाहित बताते हुए लड़के को बहन का बेटा बता दिया। इसी बीच सपना ने अरविन्द शर्मा से आईफोन की मांग की तो अरविन्द ने इनकार कर दिया, जिसके बाद उसने अपना असली रंग दिखाते हुए दोनों के बीच के रिश्ते और फोटो वायरल करने की धमकी दी।
फिर मांगे 5 लाख, दी रेप केस में फंसाने की धमकी
इसके बाद अरविन्द ने शाजापुर की राज समन्वय मोबाइल दुकान से अपने नाम पर 65 हजार रुपए का आई फोन 15 फायनेंस कराकर सपना को दे दिया। इसके बाद सपना ने अरविन्द शर्मा से कहा कि 5 लाख रुपए दो नहीं तो दुष्कर्म का मामला दर्ज करा दूंगी और अपनी जान दे दूंगी। इसके बाद परेशान होकर अरविन्द ने पुलिस के पास मामले की शिकायत दर्ज करा दी। संतरी की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए कोतवाली पुलिस ने महिला को उज्जैन से गिरफ्तार करते हुए, उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पति से अलग रहती है आरोपी महिला, चल रहा तलाक केस
प्राप्त जानकारी के अनुसार महिला फिलहाल अपने पति से अलग रहती है और उज्जैन कोर्ट में उसका तलाक का केस भी चल रहा है। कोतवाली पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार महिला शाजापुर में किराए से रहती थी, इसके बाद शाजापुर से जाने के बाद उज्जैन में रह रही थी।
पुलिस ने आरोपी महिला को किया गिरफ्तार
कोतवाली थाना प्रभारी संतोष सिंह बघेल ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि फरियादी अरविन्द शर्मा को होमगार्ड शाजापुर में 2006 में अनुकंपा नियुक्ति मिली थी। वर्तमान में वह शाजापुर में लंबे समय से कार्यरत है। आरोपी महिला एक बच्चे की मां है। वो संतरी से अब तक करीब 10 लाख रुपए वसूल चुकी है। कुछ दिन पहले उसने पीड़ित से आईफोन लिया है। युवती को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले में एक शादीशुदा महिला ने अपने आप को कुंवारी बताकर एसपी बंगले पर तैनात होमगार्ड (संतरी) को प्रेम जाल में फंसाया और फिर धीरे-धीरे उससे रुपयों की डिमांड करने लगी। आगे उसने संतरी से आई फोन मांगा और फिर 5 लाख रुपए देने के लिए कहा, साथ ही मना करने पर रेप केस में फंसाने की धमकी दी, जिसके बाद संतरी पुलिस के पास पहुंच गया और आरोपी महिला के खिलाफ मामला दर्ज करा दिया।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved