
काठमांडो। नेपाली शेरपा महिला लक्पा ने बृहस्पतिवार को दुनिया की सबसे ऊंची एवरेस्ट चोटी को सर्वाधिक बार फतह करने का अपना ही रिेकॉर्ड तोड़ दिया है। शेरपा के भाई और अभियान आयोजक मिंगमा गेलू ने कहा कि लक्पा शेरपा और कई अन्य पर्वतारोहियों ने 8,849 मीटर (29,032 फुट) ऊंचे शिखर पर पहुंचने के लिए अनुकूल मौसम का फायदा उठाया।
उन्होंने कहा, लक्पा स्वस्थ हैं और सुरक्षित नीचे उतर रही हैं। जीवन के 48 बसंत देख चुकीं लक्पा शेरपा ने कभी औपचारिक शिक्षा हासिल नहीं की, क्योंकि उन्हें चढ़ाई की चाहत पूरी करने के लिए गियर और ट्रेकर्स की आपूर्ति कर जीविकोपार्जन करना पड़ता था।
बृहस्पतिवार को उन्होंने दसवीं बार एवरेस्ट पर सफल चढ़ाई की। शेरपा सभी महिलाओं को प्रेरित करना चाहती हैं, ताकि वे भी अपने सपनों को जी सकें। नेपाल की रहने वाली लक्पा अपने तीन बच्चों के साथ वेस्ट हार्टफोर्ड, कनेक्टिकट, अमेरिका में रहती हैं।
कामी रीटा 26वीं बार चोटी पर पहुंचे
एक अन्य नेपाली शेरपा गाइड, कामी रीटा शनिवार को 26वीं बार शिखर पर पहुंचे। उन्होंने भी एवरेस्ट की सबसे अधिक चढ़ाई का अपना ही रिकॉर्ड तोड़ा। रीटा ने शेरपा पर्वतारोहियों के एक समूह का नेतृत्व किया, जिन्होंने रास्ते में रस्सियां लगाईं, ताकि सैकड़ों अन्य पर्वतारोही इस माह चोटी तक पहुंच सकें।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved