
डेस्क: शुभमन गिल इस वक्त अपनी टॉप फॉर्म में हैं. भारतीय कप्तान ने वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में इसका सबूत भी पेश कर दिया है. दाएं हाथ के इस ओपनर ने पहले मैच में शतक लगाया वहीं दूसरे मैच में उन्होंने दोहरा शतक जमाया. शुभमन ने गुवाहाटी वनडे में नाबाद 223 रनों की पारी खेली और टीम इंडिया ने वनडे में पहली बार 400 से ज्यादा का टार्गेट आसानी से चेज़ कर लिया. शुभमन गिल की धमाकेदार बैटिंग को देखने के बाद अब ये सवाल खड़े हो रहा है कि ये खिलाड़ी करियर खत्म होते-होते कितने दोहरे शतक लगा सकता है. इसका जवाब पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने दिया.
मोहम्मद कैफ ने शुभमन गिल की तारीफ करते हुए कहा कि ये खिलाड़ी अपना करियर खत्म होते-होते 10 दोहरे शतक लगाएगा. उन्होंने एक वीडियो में दावा किया कि गिल वनडे फॉर्मेट में ही 8 और दोहरे शतक लगाएंगे. गिल पहले ही 2 दोहरे शतक लगा चुके हैं और कैफ के मुताबिक ये खिलाड़ी 8 और दोहरे शतक लगाने वाला है. कैफ की मानें तो गिल का शॉट खेलने का दायरा बहुत ही बड़ा है और वो जल्द टी20 फॉर्मेट में भी वापसी करेंगे.
शुभमन गिल ने साल 2026 में शानदार प्रदर्शन की सारी हदें ही तोड़ दी हैं. दुनिया के नंबर 1 वनडे बल्लेबाज ने इस साल 10 पारियों में 894 रन ठोक दिए हैं. गिल का बैटिंग औसत 127.71 है और उनका स्ट्राइक रेट 119.52 का है. गिल 3 शतक और 5 अर्धशतक लगा चुके हैं.
वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज का तीसरा और आखिरी मैच 3 अक्टूबर को न्यू चंडीगढ़ में होगा. इस मुकाबले में शुभमन गिल के पास एक बड़ा रिकॉर्ड बनाने का मौका होगा. दरअसल आजतक किसी भारतीय क्रिकेटर ने तीन मैचों की वनडे सीरीज में तीन शतक नहीं लगाए हैं. विराट कोहली ने एक सीरीज में दो बार तीन-तीन शतक जरूर लगाए हैं लेकिन ये सीरीज पांच और छह मैचों की थी. गिल ने अगर तीसरे मैच में भी शतक लगा दिया तो वो तीन मैचों की वनडे सीरीज में तीन शतक लगाने वाले पहले भारतीय क्रिकेटर होंगे. गिल जिस तरह की फॉर्म में हैं उसे देखकर लग रहा है कि वो ऐसा कर भी देंगे.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved