
इंदौर। जिंसी से रामबाग तक 100 फीट चौड़ी सडक़ के लिए पिछले दिनों निगम ने रामबाग और सुभाष मार्ग क्षेत्र में नपती का काम शुरू किया था, लेकिन लोगों के विरोध के चलते रोक दिया था। अब आज से फिर सुभाष मार्ग पर नपती का काम शुरू कर दिया गया। नपती होती देख लोगों में फिर से घबराहट और धुकधुकी बढ़ गई और वे बड़ी संख्या में जमा हो गए।
निगम द्वारा शहर के कई इलाकों में सडक़ चौड़ीकरण के कार्य शुरू किए गए। इनमें सरवटे टू गंगवाल का काम अधूरा पड़ा है, जबकि बड़ा गणपति से कृष्णपुरा का काम तेजी से चल रहा है। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के कार्यपालन यंत्री डीआर लोधी के मुताबिक आज सुबह स्मार्ट सिटी के अफसरों ने रामबाग से सुभाष मार्ग और अन्य हिस्सों में नपती करने व निशान लगाने की कार्रवाई फिर से शुरू कर दी। कई हिस्सों में निशान लगाने की कार्रवाई पूरी नहीं हो पाई थी। उक्त सडक़ 100 फीट बनाई जाना है, जिसके लिए पूर्व से मास्टर प्लान में यह मामला प्रस्तावित है। आज सुबह जैसे ही निगम की टीम वहां नपती करने और निशान लगाने के लिए पहुंची तो लोगों में भय फैल गया और बड़ी संख्या में रहवासी जमा होकर निगम अधिकारियों से जानकारी लेते रहे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved