
क्राइम ब्रांच की थी नजर, गुजरात पुलिस को भी थी कई मामलों में तलाश
इंदौर। धार पुलिस ने कल तीन सिकलीगरों को गिरफ्तार कर 85 देसी पिस्टल जब्त की हैं। बताते हैं कि इनमें से एक कार्बाइन बनाने में भी माहिर है। उस पर जहां इंदौर क्राइम ब्रांच की नजर थी, वहीं गुजरात पुलिस को भी उसकी कई मामलों में तलाश थी।
धार पुलिस ने कल सिंघाना के सिकलीगर जगतसिंह भाटिया, विनोद और दीपक को गिरफ्तार किया था। इनके पास से 85 देसी पिस्टल जब्त करने के अलावा लाखों का चोरी का माल भी बरामद किया है। बताते हैं कि जगतसिंह पर इंदौर क्राइम ब्रांच की भी नजर थी। क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि वह कार्बाइन बनाने में भी माहिर है। उसे कुछ साल पहले भोपाल एसटीएफ ने कार्बाइन के साथ पकड़ा था, जबकि कुछ साल पहले वह महू में भी हथियारों के साथ पकड़ाया था। यह गिरोह गुजरात और राजस्थान में हथियार सप्लाई करता है। गुजरात पुलिस को भी इसकी कुछ मामलों में तलाश थी। इसके चलते कुछ दिन पहले गुजरात पुलिस धार पहुंची थी और धार क्राइम ब्रांच के साथ उसके यहां छापा मारा था, लेकिन वह नहीं मिला था। अब पुलिस उससे कार्बाइन के बारे में पूछताछ कर रही है। जगतसिंह कई बार अवैध हथियारों के साथ पकड़ा जा चुका है। क्राइम ब्रांच कुछ समय से लगातार सिकलीगरों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। इस दौरान दो दर्जन से अधिक सिकलीगर पकड़े गए हैं। इन सिकलीगरों से ही पुलिस को जगतसिंह के बारे में जानकारी मिली थी कि वह कार्बाइन भी बना लेता है।
दिल्ली में करते हैं चोरियां
कुछ समय से सिकलीगर दिल्ली में ताला-चाबी बनाने के बहाने घूमते हैं और सूने मकानों में लाखों की चोरी कर फरार हो जाते हैं। इसके चलते दिल्ली पुलिस को कई सिकलीगरों की तलाश है। कई स्थानों पर पुलिस को उनके फुटेज मिले हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved