
इंदौर। गिटार तिराहे से साकेत चौराहे तक सडक़ के दोनों ओर दो से तीन लेन में खड़े वाहनों की कतार पर कल यातायात पुलिस ने यहां के रहवासियों, प्रतिष्ठान संचालकों के साथ बैठक लेकर स्पष्ट निर्देश दे दिए हैं कि जब तक पार्किंग नहीं बन जाती, तब तक एक लेन तक का सहयोग यातायात पुलिस की ओर से दिया जाएगा। इसके लिए मार्किंग की जाएगी। बैठक में आए प्रतिनिधियों ने भी अपनी तरफ से सहयोग की बात कही है।
व्यस्त बाजारों और शहर की सबसे व्यस्त रहने वाली सडक़ों को अतिक्रमण और नो पार्किंग में खड़े वाहनों से मुक्त करने के अभियान में इन स्थानों के रहवासियों और दुकानदारों के साथ प्रतिष्ठान मालिकों का सहयोग भी लिया जा रहा है। कल गिटार तिराहे से लेकर साकेत तक की समस्या को लेकर एक प्रतिनिधिमंडल को डीसीपी ट्रैफिक ने बैठक के लिए बुलाया था। सभी का कहना था कि क्षेत्र में पार्किंग फिलहाल तैयार नहीं है, जिसके चलते ये समस्या आ रही है।
डीसीपी ट्रैफिक राजेश कुमार त्रिपाठी ने भी समस्या सुन मार्किंग के अंदर केवल एक लेन तक वाहन खड़े होने में सहयोग देने की बात कही है। डीसीपी त्रिपाठी ने स्पष्ट किया है कि अगर मार्किंग के बाहर कोई दूसरा वाहन सडक़ पर खड़ा दिखता है, तो उस पर सीधे सख्त कार्रवाई की जाएगी। उल्लेखनीय है कि इससे पहले यातायात पुलिस राजबाड़ा और उससे लगे बाजार, खातीवाला टैंक क्षेत्र, सपना-संगीता जैसे प्रमुख बाजारों में भी सीधा संवाद कर चुकी है। परसों ही गिटार तिराहे से साकेत तक दोनों ओर कार्रवाई करते हुए 60 से ज्यादा गाडिय़ों को चेतावनी देकर विशेष पेट्रोलिंग टीम ने हटवाया था।
मुख्य और व्यस्त सडक़ें पहले
एडिशनल डीसीपी (पश्चिम) संतोष कुमार कौल ने बताया कि यातायात पुलिस पहले चरण में सबसे ज्यादा व्यस्त मुख्य सडक़ों और बाजारों पर कार्रवाई कर रही है। इसके बाद अगले चरण में वे बाजार और सडक़ें भी ली जाएंगी, जहां से अक्सर शिकायतें मिलती हैं। एडि. डीसीपी कौल के मुताबिक, कल चारों जोन में हुई कार्रवाई में वन-वे के 39, नो पार्किंग के 139, ई-रिक्शा की ओवलोडिंग के 19, बिना हेलमेट के 1794 चालान बनाए गए है। अन्य धाराओं में कार्रवाई के साथ कुल 2106 पर चालानी कार्रवाई की गई है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved