
भोपाल। व्यापारियों और मंडी कर्मचारियों की हड़ताल के चलते मंडियां बंद होने से किसान पशोपेश में आ गए। खेतों से सोयाबीन की फसल कटने के बाद अब उपज बेचने को लेकर किसान चिंतित हैं। ऐसे में कुछ व्यापारी मौके का फायदा उठाकर किसानों की उपज औने-पौने दामों में खरीदने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंच रहे हैं। मौसम की मार से सोयाबीन की फसल प्रभावित होने के कारण किसान पहले ही मुश्किलों का सामना कर रहे थे। अब मंडियां बंद होने से किसान की परेशानियां और बढ़ गई हैं। खेतों में फसल कटाई का काम जारी है। मंडियां खुली रहने पर कुछ किसानों ने अपनी उपज बेच भी दी, लेकिन अब मंडी बंद होने से उन किसानों की चिंता बढ़ गई है जिनकी फसल कटकर तैयार है। ऐसे किसानों का कहना है कि आगामी फसल की बुआई के लिए रुपयों की आवश्यकता है। मंडियां खुली रहती तो उपज के अच्छे दाम मिल जाते। अब व्यापारी गांव में आकर उपज खरीद रहे हैं। मजबूर किसान कम भाव में भी सोयाबीन बेचने को मजबूर हो रहे हैं।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved