
इन्दौर। मध्यप्रदेश (MP) पिकलबॉल संगठन (Pickleball Organization) द्वारा गोल्डन इंटरनेशनल स्कूल (Golden International School) में आयोजित राष्ट्रीय पिकलबॉल स्पर्धा का कल समापन हुआ। प्रतियोगिता के विजेताओं को प्रदेश के मुख्यमंत्री (CM) डॉ. मोहन यादव (Dr. Mohan Yadav) ने पुरस्कृत किया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खिलाडिय़ों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। खेल न केवल शारीरिक मजबूती देते हैं, बल्कि सकारात्मक सोच, आध्यात्मिक ऊर्जा और खेल भावना के साथ ही एक अच्छा व्यक्तित्व का भी विकास करते हैं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार खेलों और खिलाडिय़ों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। भगवान कृष्ण के समय से खेल हमारे जीवन का हिस्सा है। खेल एक अध्यात्म की तरह है। मध्यप्रदेश के पिकलबॉल संगठन के अध्यक्ष सीए स्वप्निल कोठारी ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री स्वयं खिलाड़ी रहे है। खेलों के प्रति उनके लगाव का ही प्रमाण है कि तमाम व्यस्तताओं के बीच खिलाडिय़ों के लिए समय निकालकर वह आज हमारे बीच आए है। पिकलबॉल खेल दुनिया में तेजी से लोकप्रियता हासिल कर रहा है और 70 देशों में सक्रिय रूप से खेला जाता है। इन्दौर में आए सभी खिलाडिय़ों ने सभी को प्रभावित किया है। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री तुलसीराम सिलावट, मप्र ओलिंपिक संघ के अध्यक्ष विधायक रमेश मेंदोला, विधायक गोलू शुक्ला, भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, ऑल इंडिया पिकलबॉल संगठन के अध्यक्ष रमेश प्रभु विशेष रूप से उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता में विजेताओं को वितरित हुई 10 लाख रुपए की पुरस्कार राशि
प्रतियोगिता के दौरान देशभर से आए 800 से अधिक खिलाडिय़ों ने स्पर्धा में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विजेताओं को कुल 10 लाख रुपए की पुरस्कार राशि वितरित की गई। पुरुष वर्ग में झारखंड के सोनू कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दोहरा खिताब अपने नाम किया। पुरुष एकल ओपन फाइनल में उन्होंने महाराष्ट्र के रोहित पाटिल को 11-1, 11-4 से पराजित किया। वहीं पुरुष युगल वर्ग में सोनू ने हरियाणा के रिदम के साथ मिलकर बिहार की गौरव-अविनाश की जोड़ी को कड़े मुकाबले में हराया। महिला एकल ओपन वर्ग में महाराष्ट्र की अनुजा ने वृशाली को 11-6, 11-9 से हराकर ट्राफी जीती। महिला युगल वर्ग में भी अनुजा और वृशाली की जोड़ी ने महाराष्ट्र की अंजलि-अलायका को तीन सेटों में पराजित कर खिताब अपने नाम किया। जूनियर वर्ग में मध्य प्रदेश के खिलाडिय़ों का दबदबा रहा। अंडर-14 वर्ग में आरिश ने शुभ को 15-6 से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया, जबकि अंडर-12 युगल वर्ग में केशव और शिरीष की जोड़ी विजेता बनी।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved