पुणे। मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे (Mumbai-Pune Expressway) पर शनिवार को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (SP) की वरिष्ठ नेता और बारामती सांसद सुप्रिया सुले (Supriya Sule) की कार हादसे का शिकार हो गई। पुणे से मुंबई लौटते समय उनकी गाड़ी को एक तेज रफ्तार कार ने साइड से टक्कर मार दी। हालांकि हादसे में सुप्रिया सुले समेत कार में सवार सभी लोग सुरक्षित बच गए।
सुप्रिया सुले ने खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर घटना की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि गुजरात नंबर की एक कार के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी कार को टक्कर मारी। उन्होंने इस घटना को बेहद भयावह बताते हुए कहा कि कुछ सेकेंड की चूक बड़ा हादसा बन सकती थी।
‘सभी सुरक्षित, लेकिन सबक जरूरी’
सांसद ने अपने पोस्ट में कहा कि हादसे के बाद सभी लोग सुरक्षित हैं, लेकिन हाईवे पर तेज गति और लापरवाह ड्राइविंग बेहद खतरनाक साबित हो सकती है। उन्होंने लोगों से सीट बेल्ट लगाने, ट्रैफिक नियमों का पालन करने और जिम्मेदारी से वाहन चलाने की अपील की।
सोशल मीडिया पर शेयर की गाड़ी की जानकारी
घटना के बाद सुप्रिया सुले ने टक्कर मारने वाले वाहन की नंबर प्लेट भी सोशल मीडिया पर साझा की। हादसे के चलते कुछ समय के लिए एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया था, हालांकि बाद में यातायात सामान्य हो गया।
इस घटना के बाद एक बार फिर हाईवे पर तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग को लेकर सवाल उठने लगे हैं। सुप्रिया सुले ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर वाहन चालक की भी जिम्मेदारी है।
बारामती की राजनीति भी गरम
उधर, बारामती की राजनीति में भी हलचल तेज बनी हुई है। हाल ही में महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री Sunetra Pawar ने बारामती उपचुनाव में जीत के बाद राज्यसभा सदस्यता से इस्तीफा दिया था। वहीं उनके बेटे Jay Pawar ने साफ कर दिया है कि वह राज्यसभा नहीं जाएंगे और बारामती में रहकर जनता के बीच काम करेंगे।
जय पवार ने यह भी कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं की इच्छा है कि भविष्य में सुनेत्रा पवार महाराष्ट्र की मुख्यमंत्री बनें और दिवंगत Ajit Pawar के अधूरे सपनों को पूरा करें।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved