
जबलपुर। पनागर थाना क्षेत्रातंर्गत ग्राम निभौरा में एक घर के सामने शराब पीने को लेकर जमकर विवाद हुआ। जिसमें दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर तलवार व डंडो से हमला कर दिया। जिससे मौके पर दहशत का माहौल निर्मित हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराते हुए उनकी शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है।पुलिस ने बताया कि 40 वर्षीय जयकुमार केवट ने रिपोर्ट दर्ज करायी कि बीती शाम 7.30 बजे वह जब काम कर अपने घर लौटा तो देखा कि उसके बेटे अनुराग से खुशीलाल केवट, छोटेलाल केवट, झुन्नीलाल व सौकीलाल केवट विवाद कर रहे थे। उसने जब पूछताछ की तो उसके बेटे ने बताया कि ये चारों घर के सामने खड़े होकर शराब पीते हुए गालीगलौज कर रहे थे, जिन्हें समझाईश दी तो चारों विवाद कर रहे है।
जिस पर उसने चारों को समझाईश देना चाहा तो चारों ने उसके व उसके बेटे अनुराग के साथ मारपीट करते हुए तलवार से हमला कर दिया, जिससे उसके सिर व शरीर पर चोटे आ गई। उसके पिता रम्मूलाल ने बीच बचाव किया तो चारों ने उनके साथ भी मारपीट की। वहीं पूनम केवट ने रिपोर्ट दर्ज करायी कि जयकुमार केवट, उसके पिता रम्मू लाल व अनुराग ने तलवार व डंडे से हमला कर उसके पति खुशीलाल व उसके देवर पर हमला कर दिया, जिससे उन्हें चोटे आ गई। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास शुरु कर दिये है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved